दिल्ली को दहलाने की साजिश ! , 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई -मेल , अलर्ट मोड़ पर स्कूल प्रशासन ,सुरक्षा एजेंसियां ,कई स्कूलों में छुट्टी घोषित …

दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित 9 नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी भरी इमेल सुबह करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच आईं, जिसके बाद स्कूल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं।

धमकी को गंभीरता से लेते हुए कई स्कूलों में छात्रों को क्लासरूम से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। कुछ स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई, जबकि अभिभावकों को भी तुरंत सूचित किया गया।

दिल्ली कैंट के लोरेटो काॅन्वेंट स्कूल, दक्षिणी दिल्ली के कैंब्रिज स्कूल, द इंडियन स्कूल, रोहणी के वेंकेटेश्वर स्कूल, सीएम स्कूल, बाल भारती स्कूल, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के कैंब्रिज स्कूल, आईएनए स्थित डीटीए स्कूल और पूर्वी दिल्ली के एहल्कॉन पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।

प्राथमिक जांच में अब तक किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, पुलिस इसे फर्जी ईमेल मानकर हल्के में नहीं ले रही और हर एंगल से जांच की जा रही है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, धमकी भरी ईमेल के सोर्स का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। साइबर यूनिट और टेक्निकल टीम्स को भी जांच में शामिल किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी दिल्ली और अन्य बड़े शहरों में स्कूलों और सरकारी इमारतों को बम से उड़ाने की फर्जी धमकियां मिल चुकी हैं, जिनका मकसद दहशत फैलाना पाया गया। दिल्ली पुलिस ने अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, सभी प्रभावित स्कूलों में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।