UPSC में छत्तीसगढ़ के लाडले डायमंड सिंह ध्रुव ने किया कमाल, मिली 623 वीं रैंक , पहले ही प्रयास में CGPSC से बने थे DSP …

रायपुर । छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि राज्य के एक युवा अधिकारी डायमंड सिंह ध्रुव ने देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा UPSC सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की है। डायमंड सिंह ध्रुव वर्तमान में छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में डीएसपी के पद पर पदस्थ हैं और उन्होंने वर्ष 2024 में CGPSC परीक्षा उत्तीर्ण कर यह पद प्राप्त किया था। आज जारी हुए यूपीएससी सिविल सेवा में उन्हें 623 वीं रैंक मिली है।

डायमंड सिंह ध्रुव मूल रूप से पासवानी गांव के निवासी हैं, जो मगरलोड क्षेत्र में स्थित है। वे स्वर्गीय बलराम सिंह के पुत्र हैं। उनके पिता मगरलोड जनपद में करारोपण अधिकारी के पद पर कार्यरत थे, जिनका अप्रैल 2025 में निधन हो गया था। वहीं उनकी माता एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं।

डायमंड सिंह ध्रुव बचपन से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रहे हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शिशु मंदिर मगरलोड से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने हाई स्कूल की पढ़ाई रेडियंट पब्लिक स्कूल माना से पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना देख लिया था और उसी दिशा में लगातार मेहनत करते रहे।

महज 25 वर्ष की उम्र में डायमंड सिंह ध्रुव ने पहली ही कोशिश में CGPSC परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की। उन्होंने इस परीक्षा में 13वीं रैंक प्राप्त की और डीएसपी कैटेगरी में तीसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया।

CGPSC में सफलता के बाद भी डायमंड सिंह ध्रुव ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली UPSC परीक्षा की तैयारी में जुट गए। उन्होंने दिल्ली में रहकर करीब ढाई वर्षों तक यूपीएससी की तैयारी की। खास बात यह रही कि उन्होंने किसी कोचिंग या एकेडमी को जॉइन किए बिना स्वयं अध्ययन और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की। उन्हें यूपीएससी में 623वीं रैंक मिली है। कैटेगरी के लिहाज से उन्हें IPS मिल सकता है।

उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और परिचितों का कहना है कि डायमंड हमेशा से मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे हैं। उनके पिता का सपना था कि उनका बेटा देश की सेवा करे, जिसे डायमंड ने अपनी मेहनत और लगन से पूरा कर दिखाया।