रायपुर। अपने खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती करने के आरोप में भाजपा ने पार्टी के पदाधिकारी विनायक ताम्रकार को निलंबित कर दिया है। पार्टी ने उनके कृत्य को अनुशासनहीनता और संगठन की छवि को धूमिल करने वाला बताते हुए यह कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि विनायक ताम्रकार भाजपा के राइस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प के प्रदेश संयोजक थे।


मामले के सामने आने के बाद पार्टी संगठन ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने हाल ही में दुर्ग जिले में शिवनाथ नदी पार समोदा क्षेत्र में स्थित खेत में छापा मारकर करीब नौ एकड़ में लगी अफीम की फसल बरामद की थी। यह फसल मक्के की फसल के बीच छिपाकर लगाई गई थी। इस मामले में विनायक ताम्रकार के बेटे की भी संलिप्तता सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने विनायक ताम्रकार को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, जिले के जीवरा सिरसा पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले समोदा गांव में 1.5 से 7 एकड़ एरिया में गैर-कानूनी तरीके से अफीम की खेती की जा रही थी। यह खेती शिवनाथ नदी के किनारे की जमीन पर की जा रही थी। इस मामले में BJP के दो नेताओं विनायक ताम्रकार और बृजेश ताम्रकार को हिरासत में लिया है।
