कोरबा । छत्तीसगढ़ में कथित अफीम की खेती को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। कोरबा प्रवास पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

डॉ .महंत ने कहा कि भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ में धान की जगह नशे की खेती को बढ़ावा देना चाहती है। उनका आरोप है कि धान खरीदी में किसानों को लगातार परेशान किया जा रहा है और अब अफीम की खेती के जरिए नशे का कारोबार बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग के माध्यम से डबल फेंसिंग जैसे प्रावधानों के तहत अफीम की खेती को बढ़ावा देने की योजना बनाई जा रही है।
महंत ने यह भी आरोप लगाया कि धान का उत्पादन कम करके किसानों को नशे की खेती का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, इसके लिए राजस्थान से प्रशिक्षुओं को बुलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण देश पहले ही बर्बादी की ओर बढ़ रहा है और अब छत्तीसगढ़ को भी इसमें शामिल किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने प्रदेश में मिलावटी शराब की बिक्री का भी आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की मंशा सिर्फ पैसा कमाने की है।
गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर भी महंत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जिनका अपना परिवार नहीं है, उन्हें रसोई के बजट की परेशानी का अंदाजा कैसे होगा।
