KORBA :CSEB के झाबू स्थित राखड़ डैम से हाईमास्ट लाइट गायब ! मरम्मत के अगले ही दिन पार कर दिए जाने से उठे सवाल …

कोरबा। पॉवर हब कोरबा में सरकारी संपत्ति की चोरी थमने का नाम नहीं ले रही। ताजा मामला सीएसईबी के झाबू स्थित राखड़ डैम का है, जहां लगी हाईमास्ट लाइट ही चोरों के निशाने पर आ गई। हैरानी की बात यह है कि जिस लाइट को सोमवार को ही रिपेयर कराया गया था, वह अगले ही दिन रहस्यमय तरीके से गायब हो गई।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक राखड़ डैम में लगी हाईमास्ट लाइट कुछ समय से खराब थी, जिसे सोमवार को ठीक कराया गया था। मरम्मत के बाद जैसे ही लाइट चालू हुई, मानो किसी की नजर उस पर टिक गई। रात बीती और सुबह होते ही पता चला कि पूरी हाईमास्ट लाइट ही गायब है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि राखड़ डैम परिसर में चौकीदार की तैनाती भी रहती है। इसके बावजूद इतनी बड़ी संरचना की चोरी होना कई सवाल खड़े कर रहा है। आखिर चोर इतनी बड़ी हाईमास्ट लाइट खोलकर कैसे ले गए और किसी को भनक तक नहीं लगी?

इलाके में अब शक की सुई कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों की ओर भी घूम रही है। क्योंकि हाल के दिनों में सरकारी सामान और धातु की चोरी के कई मामलों में कबाड़ गिरोह का नाम सामने आता रहा है। फिलहाल मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। अब देखने वाली बात यह होगी कि यह हाईमास्ट लाइट किसके इशारे पर गायब हुई और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है। कोरबा में सरकारी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर यह घटना फिर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है। अगर डैम जैसी जगह से हाईमास्ट लाइट सुरक्षित नहीं है, तो बाकी संपत्तियों का क्या हाल होगा?

सोर्स -न्यूजपावर जोन डॉट कॉम …