कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकी मोंगरा अंतर्गत ग्राम ढप ढप में आयोजित हो रही श्री हनुमंत कथा के आज चौथे दिन मंगलवार को धर्मांतरण कर चुके लोगों की घर वापसी का वृहद कार्यक्रम किया गया।

घर वापसी के अवसर पर बेमेतरा जिले के ग्राम कोदवा निवासी मोहम्मद अनवर अली ने अपनी पत्नी व बच्चों के साथ हिंदू धर्म स्वीकार किया। दीपक तिवारी के माध्यम से मोहम्मद अनवर अली इस कार्यक्रम में लाए गए। कथा व्यास से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य सनातनी विधान से उपस्थित ब्राह्मण व सतंजन के सानिध्य में तिलक वंदन करते हुए गंगाजल से छिड़क कर इस परिवार के चारों लोगों को सनातनी बनाया। सभी को पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने पटुका पहनाया और आशीर्वाद प्रदान किया।

मोहम्मद अनवर अली के साथ उनकी पत्नी हसीना, पुत्र सैफ अली व शमद खान के घर वापसी करने के साथ ही मोहम्मद अनवर का नया नामकरण आदर्श दास किया गया।
इस अवसर पर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने अनवर अली से सनातन धर्म अपनाने की वजह पूछी तो बताया कि वह बचपन से ही अपने हिंदू भाईयों के साथ पढ़ा-लिखा, जिस स्कूल में पढ़ा वहां उसके सारे दोस्त हिंदू थे और वह बचपन से ही हिंदू धर्म को पसंद करता आया है तथा लगाव है इसी वजह से वह इस धर्म को अपना रहा है। उसके परिवार में अन्य भाईयों के द्वारा इसका विरोध भी किया गया लेकिन विरोधों को दरकिनार कर उसने हिंदू धर्म स्वीकार किया है। पंडित शास्त्री ने उपस्थित लोगों से आव्हान किया कि तमाम विरोधों को किनारे कर
मोहम्मद अनवर ने जो हिम्मत दिखाई है, उसके लिए कदम से कदम मिलाकर हर कदम पर हिंदू धर्म के लोग उसका साथ दें।
