रायपुर । राजधानी रायपुर के तेलीबांधा एयरपोर्ट तिराहा स्थित करेंसी टावर में सोमवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। छत्तीसगढ़ शासन की असिस्टेंट चीफ सेक्रेटरी ऋचा शर्मा लिफ्ट में फंस गईं और करीब 20 मिनट तक अंदर ही बंद रहीं। बताया जा रहा है कि सुबह लगभग 6:30 बजे लिफ्ट अचानक बंद हो गई। लिफ्ट के भीतर न पर्याप्त रोशनी थी और न ही हवा आने की कोई व्यवस्था, जिससे अधिकारी को घबराहट होने लगी और उनकी तबीयत बिगड़ गई। सबसे गंभीर बात यह रही कि लिफ्ट के अंदर कोई इमरजेंसी अलार्म सिस्टम या हेल्पलाइन नंबर मौजूद नहीं था। इसी वजह से मदद पहुंचने में देरी हुई और स्थिति और गंभीर हो गई।
👉ऊर्जा सचिव को भी किया फोन

काफी कोशिशों के बाद ऋचा शर्मा ने किसी तरह मोबाइल फोन से प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, उन्होंने इस दौरान राज्य के ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव को भी कॉल कर कॉम्प्लेक्स की अव्यवस्थाओं की जानकारी दी और पावर बैकअप व सोलर सिस्टम को लेकर सवाल उठाए। काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और अधिकारी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लंबे समय तक बंद रहने के कारण उनकी हालत बिगड़ गई थी और उन्हें सामान्य होने में समय लगा। यह घटना न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि बड़े सरकारी भवनों में बेसिक सेफ्टी सिस्टम की कमी को भी उजागर करती है।
