रायपुर । छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। शुक्रवार को ACB ने बिलासपुर और सक्ती में ट्रैप कार्रवाई करते हुए दो घूसखोर अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर कलेक्ट्रेट में पदस्थ बाबू विजय पांडेय को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते ACB की टीम ने दबोच लिया। बताया जा रहा है कि एक होटल संचालक से जुर्माने की राशि कम कराने के नाम पर पैसे की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की और आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ लिया।
वहीं दूसरी कार्रवाई सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में हुई, जहां पदस्थ ASI एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि मारपीट के एक मामले में कार्रवाई से बचाने के बदले ASI ने 40 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता की सूचना पर ACB ने जाल बिछाया और आरोपी पुलिसकर्मी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
दोनों मामलों में ACB ने रिश्वत की रकम बरामद कर ली है और आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
प्रदेश में लगातार हो रही ट्रैप कार्रवाइयों से साफ है कि अब भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। ACB की लगातार कार्रवाई से सरकारी दफ्तरों में हड़कंप का माहौल है।
