KORBA : यह कैसा सुशासन ! नहीं पहुंची सड़क ,कंधों पर शव ढोने को मजबूर हुए ग्रामीण …

कोरबा । जिले के पाली ब्लॉक स्थित हर्राडीह गांव से व्यवस्था की बदहाली की एक मार्मिक तस्वीर सामने आई है। सड़क हादसे में ग्रामीण मोतीलाल धनुवार की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों को उनका शव लकड़ी के सहारे कंधों पर रखकर पैदल गांव तक ले जाना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, हर्राडीह गांव तक पहुंचने के लिए न तो पक्की सड़क है और न ही नाले पर पुल बना है। बारिश के मौसम में नाला उफान पर होने के कारण गांव का संपर्क मुख्य मार्ग और मुख्यालय से पूरी तरह कट जाता है। ऐसी स्थिति में शव वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका, जिसके चलते ग्रामीणों ने मजबूरी में शव को पैदल ढोकर गांव पहुंचाया।

इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्र में सड़क, पुल और बुनियादी सुविधाओं की कमी को एक बार फिर उजागर कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हर्राडीह तक पक्की सड़क और नाले पर पुल निर्माण की मांग करते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपील की है। ग्रामीणों ने इस घटना को बुनियादी सुविधाओं के अभाव का परिणाम बताया है। प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।