कोरबा। काशीनगर बस्ती में नगर निगम के अतिक्रमणरोधी अमले की तोड़फोड़ की कार्रवाई के बाद विवाद गहरा गया है। कार्रवाई के बाद प्रभावित कुछ लोगों ने इसके लिए मोहल्ले के दो लोगों पर जिम्मेदारी डाली। उनके घर पहुंच कर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। बच्चे को रास्ते से उठाकर मार डालने के लिए धमकाया गया। निगम कमिश्नर के लिए भी गाली-गलौज और अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

प्रार्थी शत्रुहन राठौर पिता स्व. रामायण राठौर अपने परिवार के साथ पुराना काशीनगर वार्ड क्र-24 में रहता है। 15 जुलाई 2026 को नगर निगम के तोड़फोड़ दस्ता के द्वारा मोहल्ले में आकर जिन व्यक्तियों के द्वारा अवैध निर्माण कराया गया था, उसे तोड़ा गया। मोहल्ले के बहुत लोगों के घर को तोड़ा गया जिससे मोहल्ले में काफी तनाव का महौल रहा।
इस बीच 17 जुलाई को किरण देवांगन, अरूण देवांगन एवं शांता बाई देवांगन प्रार्थी शत्रुघ्न राठौर की अनुपस्थिति में सुबह करीब 8-9 बजे उसके घर के गेट के पास आकर पत्नी के साथ गाली-गलौच करने लगे। कहने लगे कि तुम्हारे पति शत्रुहन राठौर एवं शिवनारायण सिंह ने उनका घर तोड़वाया है, परिवार को जान से मार देंगे। किरण देवांगन के द्वारा आयुक्त नगर पालिक निगम को भी अश्लील गाली दी गई। शत्रुघ्न की पत्नी के द्वारा मना करने पर उसे मारने का प्रयास किया एवं बोला कि तुम्हारा बच्चा ट्यूशन जाता है, अकेले मिलेगा तो जान से मार देंगे। इस बीच जब शत्रुघ्न वहाँ पहुंचा और मोहल्ले के अन्य लोग भी वहाँ आ गए तो, वे लोग गाली-गलौच करते हुए अपने घर चले गये। इस घटना व धमकी से प्रार्थी का परिवार काफी डरा हुआ है। उसके बच्चे की जान को भी खतरा है। सिविल लाइन थाना रामपुर में
शत्रुहन राठौर की रिपोर्ट पर आरोपी किरण देवांगन , अरुण देवांगन , शांताबाई देवांगन के विरुद्ध धारा 296, 3(5), 351(3) BNS के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।
