कोरबा। CSEB के अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश पाण्डेय के कथित धमकीपूर्ण बयान को लेकर मामला तूल पकड़ने लगा है। भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश पंकज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को कलेक्टर कोरबा के माध्यम से पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अतिरिक्त मुख्य अभियंता द्वारा कथित रूप से दिया गया बयान न केवल आम नागरिकों में भय का वातावरण पैदा करता है, बल्कि एक लोकसेवक के आचरण पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका कहना है कि यदि जांच में उक्त बयान की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जानी चाहिए।

राकेश पंकज ने पत्र में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (CSPGCL) के प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार की भूमिका और प्रशासनिक जवाबदेही की भी उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी कंपनी में गंभीर घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें जवाबदेही तय नहीं होने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठते रहे हैं।
पत्र में मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि मामले की समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए तथा विधिसम्मत विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शासन और कानून व्यवस्था के प्रति आम लोगों का विश्वास बना रहे। इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, कोरबा को भी भेजी गई है।
