KORBA :शराब के खातिर सात फेरों का वचन फेरा ,बची शराब पीने पर पति ने डंडे से पिटाई कर पत्नी की ले ली जान …

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम भैसामुड़ा में शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी पूरी रात शव के पास बैठा रहा और सोमवार सुबह खुद गांव वालों के पास जाकर हत्या की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान अगहन बाई धनवार (32) के रूप में हुई है। वह अपने पति परदेसी धनवार के साथ पिछले कुछ दिनों से भैसामुड़ा गांव में रह रही थी। दोनों मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।

👉बची हुई शराब बनी विवाद की वजह

प्रारंभिक जांच के अनुसार, रविवार देर रात पति-पत्नी ने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद बची हुई शराब पत्नी द्वारा पी लेने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि नशे में धुत पति ने गुस्से में डंडे से हमला कर दिया और पत्नी की बेरहमी से पिटाई की। पुलिस के मुताबिक, शोर सुनकर एक बुजुर्ग बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। डर के कारण वे वहां से चले गए। घटना के बाद कमरे में खून फैला मिला और पुलिस ने मौके से टूटा हुआ डंडा बरामद किया है।

👉सुबह खुद किया जुर्म कबूल

पत्नी की मौत के बाद आरोपी कथित तौर पर रातभर शव के पास बैठा रहा। सोमवार सुबह उसने गांव में जाकर लोगों को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल उरगा पुलिस को सूचना दी।

👉आरोपी हिरासत में

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।