KORBA : सलिहाभांठा निवासी रोहन उर्फ अमन श्रीवास का टीपी नगर किराए के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला शव,संदेहास्पद मौत की जांच में जुटी पुलिस, पीएम रिपोर्ट से सामने आएगी घटना की वास्तविकता

0 Trendz Studio Salon में करता था काम , आधी रात पिता से की थी आखिरी बात

कोरबा। ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में असमय मौत का सिलसिला जारी है। भास्कर महतो की मौत के गम से परिजन समेत ग्रामीण अभी उभरे भी नहीं हैं कि शुक्रवार को गांव के ही रामकृष्ण श्रीवास के युवा पुत्र रोहन उर्फ अमन श्रीवास का शव टीपी नगर के पास किराए के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला है। प्रथम दृष्टया फांसी सन्देहास्पद प्रतीत हो रही है। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी।पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के उपरांत ही घटना की वास्तविकता का खुलासा हो सकेगा।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बरपाली तहसील उरगा थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम पंचायत सलिहाभांठा निवासी रामकृष्ण श्रीवास के पुत्र रोहन उर्फ अमन श्रीवास टीपी नगर के पास किराए के कमरे में रहता था और Trendz Studio Salon(ट्रेंडज स्टूडियो सैलून) में कार्यरत था।बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे उसकी अपने पिता रामकृष्ण श्रीवास से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद देर रात करीब 2:30 बजे उसने दोबारा पिता को फोन किया, जहां वह बातचीत के दौरान रो रहा था। सुबह परिजनों ने कई बार फोन लगाया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।अनहोनी की आशंका होने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां रोहन उर्फ अमन का शव कमरे में संदेहास्पद स्थिति में फांसी के फंदे से लटका मिला। फांसी की परिस्थितियों को देखकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। घटना की सूचना तत्काल सीएसईबी चौकी पुलिस को दी गई।बताया जा रहा है कि रोहन उर्फ अमन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। परिवार में माता-पिता के अलावा एक बहन है। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।फिलहाल सीएसईबी चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।