कोरबा। फिल्मों की तरह रात के अंधेरे में बैंक की पिछली दीवार तोड़कर लाखों की चोरी का प्लान बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का आखिरकार ‘द एंड’ हो गया। कोरबा पुलिस ने महीनों तक तकनीकी जांच, मुखबिरों के नेटवर्क और लगातार पीछा करने के बाद हरियाणा के रोहतक से गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई टोयोटा हाइराइडर कार भी जब्त कर ली है।

मामला दीपका थाना क्षेत्र के प्रगतिनगर स्थित यूनियन बैंक का है। 4 जून 2026 की रात बदमाशों ने बैंक की पिछली दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुसने और चोरी की कोशिश की थी। अगले दिन शाखा प्रबंधक की शिकायत पर थाना दीपका में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 305(a), 331(4) एवं 62 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने कई राज्यों में उनकी तलाश करते हुए हरियाणा के रोहतक पहुंचकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीतेन्द्र बड़क (33) और परवीन कुमार (36), दोनों निवासी रोहतक (हरियाणा), के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार भी जब्त की है। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर कोरबा लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
कोरबा पुलिस का कहना है कि संगठित और अंतरराज्यीय अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तत्काल अपने नजदीकी थाना या डायल-112 पर दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
