कोरबा। जिले के बांकी मोंगरा अंतर्गत बल्गी क्षेत्र में इन दिनों असामाजिक तत्वों और अपराधियों के हौसले पूरी तरह बुलंद हैं। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक वारदातों और पुलिस की कथित उदासीनता से आक्रोशित सैकड़ों महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में एकत्रित होकर महिलाओं ने सब एरिया मैनेजर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की कड़ी मांग की है।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि बल्गी क्षेत्र में इन दिनों असामाजिक तत्वों और नशेड़ी युवकों का आतंक चरम पर है। इस माहौल के चलते स्थानीय रहवासियों, विशेषकर महिलाओं और कामकाजी युवतियों में भारी भय व्याप्त है और उनका अपने ही घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है। महिलाओं का गुस्सा इस बात पर सबसे ज्यादा फूटा कि प्रशासन और पुलिस किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि महज एक हफ्ते पहले बल्गी सब स्टेशन में 15 से 20 बदमाशों का एक दल जबरन घुस आया था। इन बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात निर्दोष कर्मचारी पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था, जिसमें कर्मचारी संजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
हैरानी की बात यह है कि इस पूरी वारदात का स्पष्ट सीसीटीवी फुटेज पुलिस के पास उपलब्ध है, इसके बावजूद अब तक मुख्य आरोपियों के खिलाफ कोई कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। इस लचर रवैये से स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है।
👉नए थाना प्रभारी से जगी आस
बढ़ते अपराध और जनआक्रोश के बीच पुलिस प्रशासन ने प्रशासनिक फेरबदल किया है। हाल ही में बाकी मोगरा थाना प्रभारी चमन सिंह को लाइन अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह अब करतला थाना प्रभारी जितेंद्र यादव को बाकी मोगरा थाने की कमान सौंपी गई है। क्षेत्र के नागरिकों और महिलाओं को नए थाना प्रभारी से पूरी उम्मीद है कि वे कार्यभार संभालते ही अपराधियों पर शिकंजा कसेंगे और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति को पटरी पर लाएंगे।
