कोरबा। कोरबा रेलवे स्टेशन की सेकेंड एंट्री पर प्लेटफॉर्म निर्माण की योजना करीब 10 वर्षों से अधूरी पड़ी है। यात्रियों की सुविधा और मुख्य प्रवेश द्वार पर बढ़ते दबाव को कम करने के उद्देश्य से प्रस्तावित इस व्यवस्था का लाभ अब तक पूरी तरह यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है। आम आदमी पार्टी कोरबा ने योजना में हो रही देरी को लेकर रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निर्माण जल्द पूरा करने की मांग की है।

आप का कहना है कि कोरबा औद्योगिक शहर होने के साथ महत्वपूर्ण रेल केंद्र है और यहां लगातार यात्रियों का दबाव बढ़ रहा है। इसके बावजूद सेकेंड एंट्री पर प्लेटफॉर्म जैसी बुनियादी सुविधा के निर्माण में एक दशक से अधिक समय लगना रेलवे की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है। बारिश के दौरान कीचड़, जलभराव और खराब पहुंच मार्ग के कारण यात्रियों की परेशानी और बढ़ जाती है। पार्टी ने रेलवे से सवाल किया है कि योजना कब स्वीकृत हुई, अब तक कितनी राशि स्वीकृत और खर्च की गई तथा निर्माण पूरा क्यों नहीं हुआ। इसके अलावा वर्तमान समय-सीमा और देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों या एजेंसी पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी सार्वजनिक करने की मांग की गई है। आम आदमी पार्टी ने कहा कि रेलवे केवल नई ट्रेनों और उद्घाटनों तक सीमित न रहे, बल्कि यात्रियों को जरूरी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराए। पार्टी ने सेकेंड एंट्री पर लंबित निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कर निश्चित समय-सीमा में यात्रियों के लिए सुविधा शुरू करने की मांग की है।
