जशपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के जशपुर-रायगढ़ मार्ग पर बुधवार सुबह एक यात्री बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र के तेजपुर के पास हुआ। दुर्घटना में बस सवार 15 यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
👉दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस,15 घायलों में 7 की हालत गंभीर
हादसे में घायल 15 यात्रियों में से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को पत्थलगांव सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य 8 घायलों का धरमजयगढ़ अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम घायलों के उपचार पर नजर बनाए हुए है।

👉अस्पताल पहुंचे अधिकारी, घायलों का जाना हाल
हादसे की जानकारी मिलने के बाद धरमजयगढ़ एसडीएम भरत कौशिक और एसडीओपी सिद्धांत तिवारी भी सिविल अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की।
👉तेजपुर के पास बस और ट्रक में हुई भिड़ंत
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यात्री बस नारायणपुर से रायगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र के तेजपुर के पास बस की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
👉दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। शुरुआती जानकारी में बस और ट्रक की भिड़ंत सामने आई है, लेकिन टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल सभी घायल यात्रियों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार जारी है।
