कोरबा। वन विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद कटघोरा वनमंडल में लोनर हाथी का उत्पात नहीं थम रहा है। विभाग की कड़ी निगरानी के बावजूद यह लोनर हाथी निगरानी दल को चकमा देकर गांव की बस्ती में घुस जा रहा है और वहां घरों को निशाना बनाते हुए ग्रामीणों को बेघर कर रहा है। बीती रात लोनर हाथी फिर एतमानगर रेंज के बंजारी व मड़ई नामक गांव की बस्ती में घुसकर दो ग्रामीणों के मकान को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

जानकारी के अनुसार यह लोनर हाथी विगत तीन दिनों से क्षेत्र में विचरण कर रहा है। हाथी दिन भी जंगल में आराम करता है और शाम ढलने के बाद जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाता है। लोनर हाथी ने रात्रि 1.30 बजे के लगभग अपना हलचल शुरू किया और मड़ई गांव में हाईस्कूल के समीप सतपाल के घर पर हमला बोलकर उसे ध्वस्त कर दिया।
इतना ही नहीं वहां रखे धान, चावल व अन्य अनाज को चट कर आगे जंगल की ओर चला गया। जिस समय लोनर ने यहां घर को निशाना बनाया, उस समय सतपाल व उसका परिवार घर में ताला जडक़र सुरक्षित स्थान पर चले गए थे। वन विभाग ने क्षेत्र में लोनर के आने की मुनादी करा दी थी। मड़ई में ग्रामीण के घर को ध्वस्त करने के बाद हाथी तडक़े 4 बजे बंजारी गांव पहुंचा और वहां भी अवधेश नामक ग्रामीण के घर को निशाने में लेते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी द्वारा क्षेत्र में लगातार उत्पात मचाए जाने तथा बस्ती में पहुंचकर घर तोडऩे से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथी वर्तमान में मड़ई जंगल में विचरण कर रहा है।
👉15 हाथी पहुंचे केंदई परिक्षेत्र में
कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में 15 हाथियों का एक और दल पहुंच गया है। पसान क्षेत्र से बीती रात हाथियों का यह दल आगे बढ़ा और केंदई रेंज में आने के बाद जंगल में विचरण करने लगा है। रेंज में 18 हाथी पहले से ही कापानवापारा सर्किल में सक्रिय है। 15 और हाथियों के आ जाने से केंदई में सक्रिय हाथियों की संख्या बढक़र 35 हो गई है। वन विभाग द्वारा हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है।
