KORBA : CEIR पोर्टल ने लाई निराश चेहरों में मुस्कान, गुम मोबाइलों का बना ट्रैकर ,Apple से लेकर Samsung ,Vivo ,Oppo और Oneplus तक के फोन बरामद …

कोरबा। गुम हुआ मोबाइल वापस मिलेगा, इसकी उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरों पर उस वक्त मुस्कान लौट आई, जब कोरबा पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से 110 गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत साइबर पुलिस की इस कार्रवाई में अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 20.03 लाख रुपये है। इनमें Apple, Samsung, Oppo, Vivo, Redmi, Realme और OnePlus समेत कई कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं।

👉साइबर फ्रॉड हुआ तो 1930 पर करें कॉल

8 महीने में 400 से ज्यादा मोबाइल की घर वापसी
कोरबा पुलिस के इस अभियान का असर केवल एक कार्रवाई तक सीमित नहीं है। साइबर पुलिस थाना कोरबा ने पिछले 8 महीनों में 400 से अधिक गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस दिलाए हैं। लगातार हो रही इस कार्रवाई से मोबाइल गुम होने वाले लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।

CEIR ने खोले मोबाइलों के ‘राज’


पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत साइबर पुलिस थाना कोरबा ने CEIR यानी Central Equipment Identity Register पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइलों की तकनीकी जानकारी जुटाई। इसके बाद विभिन्न जिलों और राज्यों में मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी और डीएसपी रजत कुमार नाग के दिशा-निर्देशन में साइबर पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा के मार्गदर्शन में टीम ने काम किया। वहीं उप निरीक्षक अजय सोनवानी और साइबर टीम की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही। जिले के विभिन्न थाना और चौकी स्टाफ ने भी मोबाइलों को ट्रेस और बरामद करने में सहयोग किया।

👉मोबाइल हाथ में आते ही खिल उठे चेहरे

गुम मोबाइल वापस मिलने के बाद कई मोबाइल मालिकों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। लोगों ने कोरबा पुलिस और साइबर टीम का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल दोबारा मिल पाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई ने लोगों के भरोसे को और मजबूत किया है।

👉मोबाइल गुम हो तो तुरंत करें ये काम

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर देरी न करें। तत्काल नजदीकी थाना अथवा साइबर पुलिस थाना में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।

👉CEIR पर प्रक्रिया:

– CEIR पोर्टल पर जाएं।

– “Block Stolen/Lost Mobile” विकल्प चुनें।

– मोबाइल और पुलिस शिकायत से संबंधित जानकारी दर्ज करें।

– पहचान पत्र एवं मोबाइल बिल जैसे आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें।

– आवेदन के बाद मोबाइल को तकनीकी माध्यम से ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू होती है।

👉साइबर फ्रॉड हुआ तो 1930 पर करें कॉल

कोरबा पुलिस ने साइबर ठगी के मामलों में भी तत्काल कार्रवाई की अपील की है। यदि कोई व्यक्ति साइबर फ्रॉड का शिकार होता है तो तुरंत 1930 पर कॉल करें और नजदीकी थाना अथवा साइबर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराएं। ऑनलाइन शिकायत cybercrime.gov.in पर भी की जा सकती है। कोरबा पुलिस का संदेश साफ है: मोबाइल गुम हुआ है तो उम्मीद मत छोड़िए, शिकायत दर्ज कराइए। तकनीक और पुलिस की टीम मिलकर आपके मोबाइल को वापस आपके हाथों तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है।