0 DRM को लिखा पत्र , तकनीकी जांच, स्थायी मरम्मत और वैकल्पिक मार्ग की व्यवहार्यता जांचने की मांग …
कोरबा। जिले के गेवरा-दीपका क्षेत्र को जिला मुख्यालय से जोडऩे वाले कुसमुंडा-कुचेना मार्ग के रेलवे अंडरब्रिज को लेकर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने बिलासपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को पत्र लिखा है। विधायक ने अंडरब्रिज की तकनीकी एवं संरचनात्मक स्थिति की जांच कराने के साथ बढ़ते यातायात को देखते हुए समानांतर अतिरिक्त अंडरब्रिज अथवा वैकल्पिक यातायात मार्ग की व्यवहार्यता का परीक्षण कराने की मांग की है।

विधायक ने पत्र में बताया कि कुसमुंडा-कुचेना रोड स्थित अंडरब्रिज से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन और स्थानीय नागरिक आवागमन करते हैं। अंडरब्रिज की सडक़ और आसपास के हिस्सों में टूट-फूट तथा निर्माण संबंधी समस्याओं के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग की चौड़ाई भी अपेक्षाकृत कम है।
विधायक ने अंडरब्रिज की संकरी संरचना को यातायात के लिहाज से बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि यदि कोई भारी वाहन या अन्य वाहन तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में बंद हो जाता है तो दोनों दिशाओं से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो जाती है। इससे जाम की स्थिति बन सकती है। साथ ही आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए भी रास्ता बाधित होने की आशंका रहती है ।
👉5 बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग
बढ़ते यातायात और भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए विधायक ने रेलवे प्रबंधन से अंडरब्रिज की तकनीकी एवं संरचनात्मक जांच कराने, सडक़ की टूट-फूट और निर्माण संबंधी कमियों की स्थायी मरम्मत कराने तथा वर्तमान और भविष्य की यातायात जरूरतों का तकनीकी सर्वे कराने की मांग की है। इसके अलावा मौजूदा अंडरब्रिज के समानांतर नया अंडरब्रिज या वैकल्पिक यातायात मार्ग बनाने की व्यवहार्यता जांचने तथा स्थायी समाधान होने तक जाम से निपटने के लिए तत्काल वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपाय करने का आग्रह किया गया है। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है, इसलिए समस्या का स्थायी समाधान समय रहते किया जाना जरूरी है।
