KORBA : “Freedom उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो ”कैप्शन लिख चलती कार में युवतियों ने किया जानलेवा स्टंट,जस्ट चील चील पर डांस,पुलिस आई एक्शन मोड़ में …

कोरबा। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज का जुनून किस हद तक खतरनाक हो सकता है, इसकी बानगी कोरबा में देखने को मिली। यहां तीन युवतियों ने चलती कार को ही स्टंट का मंच बना दिया। कोई कार के बोनट पर लेटकर डांस करती नजर आई, तो कोई दरवाजों पर लटककर रील बनाती दिखी। ‘जस्ट चील चील चील’ गाने पर फिल्माए गए इस वीडियो के साथ कैप्शन भी खूब चर्चा में है। लिखा गया, “Freedom उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो।”

लेकिन इस कथित आजादी के चक्कर में सड़क पर दूसरों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए कार मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, वीडियो में दिखाई दे रही युवतियों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

👉बोनट पर लेटकर डांस, दरवाजों पर लटककर स्टंट!

मामला कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत रविशंकर नगर का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में काले रंग की कार सड़क पर चलती दिखाई देती है। कार के बोनट पर गरबा ड्रेस पहने एक युवती लेटी हुई है, जबकि दो अन्य युवतियां गाड़ी के दोनों तरफ दरवाजों पर लटककर डांस करती नजर आती हैं।

नवरात्र के दौरान शूट की गई इस रील में युवतियां ‘जस्ट चील चील चील’ गाने पर स्टंट करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो पोस्ट करने के साथ लिखा गया कैप्शन भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। हालांकि, सवाल यह है कि क्या सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सड़क पर इस तरह जान जोखिम में डालना समझदारी है?

CG 12 BV 6007 नंबर की कार, पुलिस ने लिया एक्शन
वीडियो में दिखाई दे रही कार का नंबर CG 12 BV 6007 बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मुताबिक, मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में चलती कार के बोनट और दरवाजों पर बैठकर स्टंट करने के मामले में पुलिस ने संज्ञान लिया है। ऐसी हरकतों से खुद के साथ दूसरे लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

पुलिस ने कार मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वीडियो में नजर आ रही युवतियों के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

👉रील के लिए सड़क पर जोखिम, हादसा होता तो कौन लेता जिम्मेदारी?

कुछ सेकंड की रील के लिए सड़क पर इस तरह का खतरनाक प्रदर्शन कई सवाल खड़े करता है। चलती कार के बोनट पर लेटना और दरवाजों पर लटकना किसी भी समय गंभीर हादसे की वजह बन सकता है। अचानक ब्रेक लगने, वाहन के मुड़ने या संतुलन बिगड़ने से जानलेवा स्थिति पैदा हो सकती थी।
अगर इस दौरान कोई राहगीर चपेट में आ जाता या पीछे से आने वाला वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाता, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता? सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में सड़क पर दूसरों की सुरक्षा को नजरअंदाज करना आखिर किस तरह की आजादी है?

👉पुलिस की अपील: सड़क को स्टंट का मैदान न बनाएं

पुलिस ने आम नागरिकों और युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने के लिए यातायात नियमों तथा सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ न करें। त्योहारों के दौरान सड़कों पर आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
फिलहाल, वायरल रील और पुलिस की कार्रवाई के बाद यह मामला चर्चा में है। सवाल सिर्फ इतना है कि रील के लिए जान जोखिम में डालने का यह शौक कब तक चलेगा और ऐसी हरकतों पर कानून का कितना सख्त शिकंजा कसेगा?