CG : राजधानी स्थित स्वास्तिक नर्सिंग होम में बड़ा हादसा, ऑपरेशन थिएटर में AC ब्लास्ट के बाद लगी आग ,ICU के 12 मरीज शिफ्ट …

रायपुर । राजधानी रायपुर में जल विहार कॉलोनी रोड स्थित स्वास्तिक नर्सिंग होम में बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल की पहली मंजिल पर बने ऑपरेशन थिएटर में लगे एसी में ब्लास्ट होने के बाद आग लग गई। आग की चपेट में आने से ऑपरेशन थिएटर में रखे लाखों रुपये के उपकरणों को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त ऑपरेशन थिएटर में न तो कोई मरीज मौजूद था और न ही डॉक्टर। समय रहते बगल के आईसीयू में भर्ती 10 से 12 मरीजों को भी सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे निजी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक स्वास्तिक नर्सिंग होम की पहली मंजिल पर स्थित ऑपरेशन थिएटर में अचानक एसी में ब्लास्ट हुआ और आग लग गई। उस समय ओटी से लगे चेंजिंग रूम में अस्पताल का स्टाफ मौजूद था। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना अन्य स्टाफ को दी। देखते ही देखते आग ऑपरेशन टेबल, मेडिकल मशीनों और ओटी में रखे अन्य सामान तक फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने दमकल विभाग और एंबुलेंस को सूचना दी। आग लगने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

👉आग से निकला घना धुआं

अस्पताल की पहली मंजिल पर फैल गया। स्थिति को देखते हुए एहतियातन बिजली बंद करनी पड़ी। धुएं और आग के खतरे को देखते हुए बगल के आईसीयू में भर्ती 10 से 12 मरीजों को तत्काल बाहर निकाला गया और पास के दूसरे निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। गनीमत रही कि जिस समय एसी में ब्लास्ट हुआ, उस वक्त ऑपरेशन थिएटर में कोई ऑपरेशन नहीं चल रहा था। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

आग बुझने के बाद ऑपरेशन थिएटर में नुकसान की भयावह तस्वीर सामने आई। ओटी की दीवारों और छत पर कालिख की मोटी परत जम गई। ऑपरेशन टेबल, एनेस्थीसिया मशीन, स्टील की ट्रालियां, दीवारों पर लगे उपकरण और बिजली के तार बुरी तरह झुलस गए। फर्श पर जले हुए सामान और मलबा बिखरा पड़ा है। आग ओटी से होते हुए चेंजिंग रूम तक पहुंच गई थी। इससे अस्पताल को आर्थिक नुकसान हुआ है। उपकरणों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाना बाकी है।

👉अस्पताल की फायर NOC वैध, आग लगने की वजह की जांच

स्वास्तिक नर्सिंग होम के मैनेजर चेतन पाल के मुताबिक, अस्पताल की फायर एनओसी वैध है और अग्निशमन प्रणाली चालू हालत में थी। इसी व्यवस्था की मदद से आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि शुरुआती तौर पर एसी में ब्लास्ट के कारण आग लगने की आशंका दिखाई दे रही है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह और अग्नि सुरक्षा इंतजामों की स्थिति की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल इस हादसे में किसी की जान नहीं गई है, लेकिन अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में उपकरणों को भारी नुकसान पहुंचा है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि आग किन परिस्थितियों में लगी और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक हुई थी या नहीं।