0 PWD ने 4 उपसंभागों के लिए 280.05 लाख रुपये किए स्वीकृत; दिसंबर तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य
कोरबा । भारी बारिश से जिले की कई महत्वपूर्ण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और यात्रा सुरक्षित बने, इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। जिले में लगभग 154 किलोमीटर लंबाई की सड़कों पर बीटी पैच कार्य कराया जाएगा। इसके लिए कुल 280.05 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

लोक निर्माण विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने तथा कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। स्वीकृति मिलने के बाद कई कार्यों के कार्यादेश जारी कर काम शुरू कराया गया है, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
जिले के चार उपसंभागों में बीटी पैच कार्य के लिए राशि स्वीकृत की गई है। कटघोरा उपसंभाग क्रमांक-1 के लिए 50 लाख रुपये, कटघोरा उपसंभाग क्रमांक-2 के लिए 50.05 लाख रुपये, कोरबा उपसंभाग के लिए 105 लाख रुपये तथा भैसमा उपसंभाग के लिए 75 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उरगा-चांपा, कोरबा, सीपत-बलौदा-हाटी, रामपुर-बेहरचुआ-नोनबिर्रा और कुदमुरा-श्यांग मार्गों सहित कई महत्वपूर्ण सड़कों पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है। पाली-दीपका, तिवरता-लिटियाखार, पुरेना-विजयनगर, कटघोरा-सलोरा, पाली बाईपास, चैतमा बाईपास और कटघोरा बाईपास मार्गों पर भी बीटी पैच कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा सुतर्रा-बांकी, बांकी-गजरा, बांकी-भैरोताल, हनुमानगढ़ी पहुंच मार्ग, खैरा डुबान-रामदेई, बक्साही-सीस बाजार, नोनबिर्रा-रतीजा, उड़ता-भाड़कछार, जेमरा-चैतुरगढ़ और नेवसा-जोरहाडबरी मार्गों पर भी मरम्मत कार्य किया जाएगा। राहा-रावा, पसान-पिपरिया-दुल्लापुर, कोरबी-जलके और जलके-पिपरिया मार्गों पर भी बीटी पैच कार्य शुरू कराया जा रहा है। बिलासपुर-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग के छूटे हुए हिस्से में भी मरम्मत कार्य किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े ने बताया कि अत्यधिक बारिश के कारण कई सड़कें जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हुई हैं। विभाग ने मरम्मत के लिए राशि स्वीकृत कर एजेंसियां तय की हैं और काम प्रारंभ करा दिया है। दिसंबर माह तक सड़कों को दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा गया है। विभागीय सचिव एवं मंत्री श्री अरुण साव ने कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने लोक निर्माण विभाग सहित सभी निर्माण एजेंसियों को स्वीकृत सड़क कार्य शीघ्र शुरू कर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मरम्मत कार्य पूरा होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा। आम नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और यात्रा अधिक सुरक्षित हो सकेगी।
