KORBA : धान बेचने फासले हो जाएंगे कम ,मुढाली, चोढ़ा और ढोलपुर में नए उपार्जन केंद्र की मिली मंजूरी

0 क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद की पहल रंग लाई,उपार्जन केंद्रों की संख्या 65 से बढ़कर हो जाएगी 68 …

कोरबा। कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए राहत की खबर है। विधायक प्रेमचंद पटेल की पहल और अनुशंसा पर राज्य शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने क्षेत्र में तीन नए धान उपार्जन केंद्र खोलने की मंजूरी दी है। मुढाली, चोढ़ा और ढोलपुर में केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इससे इन गांवों सहित आसपास के क्षेत्रों के किसानों को स्थानीय स्तर पर धान बेचने की सुविधा मिलेगी।

अब तक कई किसानों को धान बेचने के लिए दूर स्थित समितियों और खरीदी केंद्रों तक जाना पड़ता था। उपज को ट्रैक्टर या अन्य वाहनों से ले जाने में अतिरिक्त परिवहन खर्च के साथ समय भी अधिक लगता था। खरीदी केंद्रों पर भीड़ के कारण किसानों को इंतजार भी करना पड़ता था। नए केंद्र शुरू होने के बाद किसानों की परिवहन लागत और समय दोनों की बचत होने की उम्मीद है। साथ ही, स्थानीय स्तर पर खरीदी की सुविधा मिलने से धान विक्रय प्रक्रिया भी आसान होगी। तीन नए केंद्रों की स्वीकृति पर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों ने विधायक प्रेमचंद पटेल के प्रति आभार जताया है। किसानों ने उम्मीद जताई कि केंद्रों की स्थापना की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी, ताकि आगामी धान खरीदी सत्र से इसका लाभ मिल सके।

👉अब जिले में 68 उपार्जन केंद्र

मंजूर किए गए 3 नए उपार्जन केंद्र अगर अस्तित्व में आते हैं तो जिले के 41 समितियों में उपार्जन केंद्रों की संख्या 65 से बढ़कर 68 हो जाएगी। जहाँ पंजीकृत किसानों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी।