0 जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन के बाद रैली, कलेक्ट्रेट घेराव कर सरकार को सौंपेंगी मांगों का ज्ञापन
कोरबा। वर्षों से लंबित मांगों को लेकर कोरबा जिले सहित प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं 27 अक्टूबर को 1 दिवसीय हड़ताल पर रहेंगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संयुक्त मंच के बैनर तले जिले की कार्यकर्ता-सहायिकाएं ब्लॉक एवं जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन और सभा करेंगी। इसके बाद रैली निकालकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा।

आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और विभागीय सचिव के नाम ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों के निराकरण की मांग की जाएगी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे वर्षों से बच्चों के पोषण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और शासन की विभिन्न योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रही हैं, लेकिन उन्हें अब तक नियमित कर्मचारी का दर्जा और सम्मानजनक मानदेय नहीं मिला है। संयुक्त मंच की प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का नियमितीकरण शामिल है। नियमितीकरण होने तक कार्यकर्ताओं को 30 हजार और सहायिकाओं को 25,500 रुपये प्रतिमाह मानदेय देने की मांग की गई है। कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर तथा सहायिकाओं को कार्यकर्ता के पद पर सीधे पदोन्नति देने और पदोन्नति में उम्र की बाध्यता समाप्त करने की भी मांग है। इसके अलावा समूह बीमा, पेंशन, ग्रेच्युटी, पीएफ, सेवा के दौरान मृत्यु पर अनुकंपा नियुक्ति तथा सेवानिवृत्ति पर कार्यकर्ता को 5 लाख और सहायिका को 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की गई है। मध्यप्रदेश की तर्ज पर प्रतिवर्ष मानदेय में 1 हजार रुपये की वृद्धि की मांग भी आंदोलन में शामिल हैं।
