रायपुर । राजधानी रायपुर के जिला न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। गांजा तस्करी के मामले में जेल में बंद आरोपी पुलिसकर्मी को धक्का देकर फरार हो गया। आरोपी को NDPS कोर्ट में पेश करने के लिए लाया गया था। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी को जोरदार धक्का दिया, हाथ से हथकड़ी निकाली और मौके से भाग निकला। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने कोर्ट परिसर सहित आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में फरार आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक ये पूरा घटनाक्रम 23 अक्टूबर की शाम का है। पुलिस में दर्ज FIR के मुताबिक, आरक्षक संजय गिरी रायपुर के पुलिस लाइन में पदस्थ हैं। 23 अक्टूबर को उसकी ड्यूटी गांजा तस्करी के आरोपी बबलू कुमार राय को अदालत में पेश करने के लिए लगाई गई थी। SI यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी को लेकर NDPS कोर्ट पहुंची थी। टीम में हेड कांस्टेबल सहित अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे। शाम करीब 5:45 बजे जब आरोपी को कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने अचानक पुलिसकर्मी को जोरदार धक्का दिया। इसके बाद वह हाथ से हथकड़ी निकालकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।
आरोपी के भागने के बाद पुलिसकर्मियों ने न्यायालय परिसर और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। पेशी प्रभारी SI यादव और अन्य पुलिसकर्मियों ने रेलवे स्टेशन समेत दूसरी जगहों पर भी खोजबीन की, लेकिन आरोपी का पता नहीं चल सका। आरक्षक संजय गिरी की लिखित शिकायत के आधार पर 24 अक्टूबर को सुबह 11:50 बजे रायपुर के सिविल लाइंस थाने में FIR दर्ज की गई। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 262 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
FIR के अनुसार, फरार आरोपी बबलू कुमार राय बिहार के वैशाली जिले के राघवपुर थाना क्षेत्र का निवासी है। उसे गांजा तस्करी के मामले में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने पकड़ा था। उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8(C), 20(b)(ii)(C), 25 और 29 के तहत मामला दर्ज था। इसी मामले में वह रायपुर सेंट्रल जेल में बंद था। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। न्यायालय परिसर में पेशी के दौरान आरोपी के फरार होने की घटना ने सुरक्षा और बंदियों को अदालत लाने-ले जाने की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
