बिहार । बिहार की राजधानी पटना से सटे बाढ़ थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली संगीन वारदात सामने आई है। दीपावली की रात तीन युवकों पर दो सगी बहनों को घेरकर बड़ी बहन के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगा है।
आरोप है कि दरिंदों ने छोटी बहन की कनपटी पर पिस्तौल तान दी और उसे जान से मारने की धमकी देकर खामोश रहने पर मजबूर कर दिया। छोटी बहन के सामने ही आरोपियों ने बड़ी बहन के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, वारदात 8 नवंबर की दीपावली रात की बताई जा रही है। बाढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली दोनों बहनें अपने पिता को खोजने के लिए घर से निकली थीं। परिवार के मुताबिक, उनके पिता रात करीब 11 बजे तक घर नहीं लौटे थे। इसी वजह से दोनों बहनें उनकी तलाश में निकल पड़ीं।आरोप है कि घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर दूसरे गांव के तीन युवकों ने दोनों बहनों को रास्ते में घेर लिया। बदमाशों ने बड़ी बहन को पकड़ लिया और उसके मुंह पर कपड़ा बांध दिया। छोटी बहन ने विरोध करते हुए अपनी बहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन एक आरोपी ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल सटा दी। जान से मारने की धमकी देकर उसे डराया और विरोध करने से रोक दिया।
छोटी बहन के बयान के मुताबिक, आरोपियों ने बड़ी बहन को बाल पकड़कर घसीटा और घर से करीब एक से डेढ़ किलोमीटर दूर सुनसान सड़क पर ले गए। वहां तीनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। छोटी बहन का आरोप है कि इस दौरान वह बेबस होकर अपनी बहन के साथ हो रही दरिंदगी देखती रही।पीड़िता की बहन ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों युवक दोनों बहनों को सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गए।
घटना के करीब दो घंटे बाद दोनों बहनें रात लगभग एक बजे घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। परिवार में हड़कंप मच गया। इसके बाद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले गई।
बताया जा रहा है कि पीड़िता की मां का करीब दो साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद से पिता मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं। परिवार में चार बेटियां और एक बेटा हैं। ऐसे में इस वारदात ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।फिलहाल पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और कथित वीडियो की जांच अहम चुनौती है। मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़िता को सुरक्षा व न्याय दिलाना बेहद जरूरी है।
