छत्तीसगढ़ में कल सरकारी सेवा हो जाएगी ठप्प ! 5 सूत्रीय मांगों को लेकर 6 लाख कर्मचारी रहेंगे सामूहिक अवकाश पर

रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी संयुक्त मोर्चा ने अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिन की हड़ताल का ऐलान कर दिया है। इसके लिए छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को भी हड़ताल का नोटिस दिया गया है। संगठन के नेताओं का दावा है कि 7 जुलाई को पूरे राज्य में सरकारी कामकाज पूरी तरह से ठप हो जाएगा।

इसके पीछे वजह है मंत्रालय, संचालनालय, न्यायालय, जिला कार्यालय और नगर निगम के लाखों कर्मचारियों का प्रदर्शन में शामिल होना। साथ ही इस हड़ताल में प्रदेश के स्कूली शिक्षा विभाग के 4 बड़े संगठन भी शामिल हो रहे हैं। जिससे बच्चों की स्कूलों में होने वाली पढ़ाई पर भी बड़ा असर पड़ेगा।
7 जुलाई को होने वाली इस एक दिवसीय हड़ताल में शामिल होकर समर्थन देने के लिए प्रदेश के लगभग सभी बड़े संगठनों ने हामी भरी है। इन संगठनों में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी संयुक्त मोर्चा के अंतर्गत छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ, मंत्रालय कर्मचारी संघ, संचालनालय कर्मचारी संघ, कर्मचारी अधिकारी महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ और स्कूल शिक्षा विभाग के 4 बड़े संगठन हड़ताल में शामिल होंगे। दरअसल ये तमाम संगठन प्रदेश के लाखों कर्मचारियों का नेतृत्व करते हैं।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी संयुक्त मोर्चा ने अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिन की हड़ताल का ऐलान कर दिया है।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी संयुक्त मोर्चा ने अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिन की हड़ताल का ऐलान कर दिया है।

छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के अंतर्गत 3 लाख 50 हजार कर्मचारी

यदि आंकड़ों की बात की जाए, तो अकेले छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के अंतर्गत 3 लाख 50 हजार कर्मचारी आते हैं, तो वहीं स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले बड़े संगठन में मनीष मिश्रा, संजय शर्मा, वीरेंद्र दुबे और केदार जैन संगठन प्रमुख हैं। जिसमें 2 लाख से ऊपर कर्मचारी हैं। इसके अलावा मंत्रालय कर्मचारी संघ में 2400, संचालनालय कर्मचारी संघ में 5500, जिला स्तर के कार्यालय में 15 हजार कर्मचारी इस आंदोलन में शामिल होंगे। इस हड़ताल में अनिल शुक्ला के नेतृत्व वाला कर्मचारी अधिकारी महासंघ भी शामिल होगा। साथ ही न्यायिक कर्मचारी संघ का समर्थन मिलने पर न्यायालय के कामकाज भी प्रभावित होने के आसार हैं।कर्मचारी-अधिकारी संगठन संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा का दावा है कि आंदोलन में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी मोर्चा में रजिस्टर्ड 145 संगठनों के करीब 6 लाख से ऊपर कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे और सभी शासकीय कार्यालय बंद रहेंगे।