नगर पालिक निगम कोरबा की फिर आईएएस को कमान ,प्रतिष्ठा ममगई होंगी निगम आयुक्त,ईडी की छापामारी के बाद सुर्खियों में थे आयुक्त प्रभाकर पांडेय

कोरबा। आईएएस सुश्री प्रतिष्ठा ममगई कोरबा जिले में नगर पालिक निगम कोरबा की नई आयुक्त होंगी। सामान्य प्रशासन विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शनिवार को जारी स्थानांतरण आदेश में 2018 बैच की आईएएस को निगम कमिश्नर कोरबा के पद पर पदस्थ किया गया है। वे अभी सरगुजा जिले के अम्बिकापुर में निगम आयुक्त के पद सेवाएं दे रही थीं। साथ ही अपर कलेक्टर का अतिरिक्त प्रभार देख रही थीं। सवा साल बाद प्रदेश के सबसे बड़े नगर पालिक निगम में शामिल कोरबा में पुनः आईएएस की पदस्थापना से नगर निगम क्षेत्र के विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ गति आएगी। कोरबा शहर एक नया आयाम स्थापित करेगा।

वर्तमान में निगम आयुक्त के पद पर सेवाएं दे रहे संयुक्त कलेक्टर प्रभाकर पांडेय जिला पंचायत सीईओ मुंगेली के पद पर पदस्थ किए गए हैं। यहां बताना होगा कि हाल ही में ईडी की टीम ने निगम आयुक्त प्रभाकर पांडेय के बंगले पर तड़के छापामारी की थी। अलसुबह से देर शाम तक जांच चली थी। उस दिन निगम आयुक्त नदारद थे। जिसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म था। कोल स्कैम के मामलों में ईडी की जांच की रडार में कोरबा जिला शिखर पर है । इस बीच शनिवार को राज्य शासन ने निगम आयुक्त के पद पर आईएएस की पदस्थापना कर दी है। आईएएस सुश्री प्रतिष्ठा ममगई तेज तर्रार अधिकारी हैं। ऐसे में नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र की जनता को उनके कार्यदक्षता का अपेक्षित लाभ मिलेगा।