मुख्यमंत्री कन्या विवाह : कोरबा में98 जोड़े परिणय सूत्र में हुए आबद्ध,दिव्यांग प्रतिभा को मिला अश्वनी का साथ ,मुख्यमंत्री ,उपमुख्यमंत्री ,महिला बाल विकास मंत्री ने बरसाए फूल,दिया आशीष,बधाई

हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा। गुरुवार को सीएसईबी फुटबाल मैदान शहनाइयों से गूंज उठा। एक दो तीन नहीं पूरे 98 बारात एक साथ पहुंची।अवसर था मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनांतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह का। जहां इस नयनाभिराम पुनीत पल के 35 हजार से अधिक लोग साक्षी बने। स्वयं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के साथ विवाह आयोजन स्थल पर पहुंचकर नव दंपत्तियों पर फूल बरसाकर सुखद वैवाहिक जीवन का आशीष दिया। सभी बेटियों को 35 हजार रुपए का चेक प्रदान कर मंगलमय जीवन की शुभकामनाएं दी।

इससे पूर्व गाजे बाजे के साथ पहुंची 98 दूल्हों की बारात का जिला प्रशासन महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षकों ने डीपीओ श्रीमती रेणू प्रकाश कोसे के नेतृत्व में भव्य स्वागत कर पूरे वैवाहिक रीति रिवाज से परघनी कर आदर सम्मानपूर्वक वैवाहिक आयोजन में शामिल कराया। वैदिक मंत्रोच्चार से आचार्यों ने सभी 98 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया। कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में आयोजित इस वृहद सामूहिक वैवाहिक उत्सव को घर के वैवाहिक आयोजन की ही तरह जिला प्रशासन महिला एवं बाल विकास की टीम ने उत्साहपूर्वक संपन्न कराया। वर पक्ष कन्या पक्ष दोनों की ओर से शामिल होते हुए स्वयं नाचते गाते शामिल अधिकारियों ने आयोजन को खास बना दिया। उच्चकोटि की व्यवस्थाओं ने सबक दिल जीत लिया। विवाह संपन्न होते ही जैसे ही प्रदेश के मुखिया विष्णु देव साय ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के साथ विवाह आयोजन स्थल पर पहुंचे सभी नव दंपत्तियों के खुशियों का ठिकाना न रहा। सीएम श्री साय ने मंत्री द्वय के साथ लक्ष्मीनारायण स्वरूपा सभी नवदंपत्तियों पर पुष्पवर्षा कर आशीष दिया।

शासन की ओर से दैनिक जीवन मे उपयोग आने वाली उपहार सामाग्री भेंट कर प्रत्येक बेटी को 35 हजार का चेक प्रदान किया। जो विवाह उपरांत बेटी के जीवन में सहायक साबित होगा। अत्यंत प्रसन्नचित्त वैवाहिक जोड़ों को न केवल अतिथियों वरन कार्यक्रम में उपस्थित 35 हजार से अधिक जिलेवासियों का आशीर्वाद मिला। विवाह उपरांत डीपीओ श्रीमती रेणू प्रकाश ने उक्त आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी का आभार जताते हुए कहा कि जिले को इस वित्तीय वर्ष में प्रति परियोजना 26 -26 जोड़ों के हिसाब से 260 जोड़ों के लक्ष्य आबंटन प्राप्त हुआ है। जिसमें आज शहर के नजदीकी क्षेत्रों के 8 परियोजनाओं के 98 जोड़ों का कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक विवाह संपन्न कराया गया। 4 जोड़े आकस्मिक कारणों से शामिल नहीं हो सके। इस तरह अब शेष 162 जोड़ों के लिए आबंटन विभाग के पास उपलब्ध है। आगामी समय मे जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में उक्त बजट में जोड़ों से आवेदन मंगाकर पात्र जोड़ों का सत्यापन कर इसी स्तर का सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

आयोजन को सफल बनाने में जिला महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी गजेंद्र देव सिंह ,परियोजना अधिकारी द्वय मनोज अग्रवाल ,निशा कंवर ,बजरंग सांडे,रागिनी बैस ,ममता तुली, रमोला रॉय ,कीर्ति जैन ,लिपिक शिव शर्मा, पर्यवेक्षकों ,स्टॉफ की महती भूमिका रही।

दिव्यांग प्रतिभा को मिला अश्वनी,थामा हाथ , व्हीलचेयर में लिए सात फेरे

आज की तारीख 12-12-2024 कुछ लोगो के लिए भले ही खास हो न हो पर यह दिन दिव्यांग प्रतिभा के लिए न सिर्फ खास बन गया अपितु समाप्ति की ओर अग्रसर इस साल के खास दिन और तारीख में उसके जिंदगी की नई शुरुआत आज से ही हुई। वर्षो से अपने हाथ पीले होने और माथे पर सिंदूर सजाने की ख्वाहिश पाली प्रतिभा को लगता था कि उसके जैसे दिव्यांग का दामन भला कौन थामेगा! लेकिन कहते है जोड़ियां आसमान पर बनती है लेकिन रिश्ते जमीन पर निभाये जाते हैं.. शायद प्रतिभा की जोड़ी भी इन्हीं कहावतों को सच साबित करती हुई जमी पर नजर आई और उन्होंने अपने जीवनसाथी के साथ विवाह के बंधन में बंधते हुए व्हील चेयर पर सात फेरे लिए।कोरबा के बालको की रहने वाली प्रतिभा बचपन से ही दिव्यांग है। दोनों पैर से लाचार प्रतिभा को लगता था कि पता नहीं उसके साथ कोई शादी करेगा भी या नहीं! शादी की यह ख्वाहिश एक दिन हकीकत में बदल गई जब चाम्पा निवासी अश्विनी साहू ने प्रतिभा का हाथ जीवन भर थामने का निर्णय लिया। दोनों के घर वालों की सहमति बनी और आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने पर दोनों का विवाह मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत आज सीएसईबी पूर्व खेल मैदान में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में सम्पन्न हुआ। व्हीलचेयर के सहारे प्रतिभा ने सात फेरे लिए और पति अश्विनी ने उनके माथे पर सिंदूर भरा। दोनों परिवार की सहमति और दूल्हे के रजामंदी के साथ विवाह हुआ। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने विवाह की सम्पूर्ण औपचारिकता निभाई। परिजनों ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से मिले सहयोग की प्रशंसा की और इसे गरीब परिवारों के लिए वरदान बताते हुए कहा कि सामूहिक विवाह का आयोजन होते रहना चाहिए ताकि गरीब परिवारो को आर्थिक बोझ न सहना पड़े। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने भी आज 98 जोड़ो को आशीर्वाद प्रदान कर नव दाम्पत्य जीवन में प्रवेश पर बधाई दी।