मरवाही उपचुनाव में जोगी फैक्टर प्रभावी :मंत्री सिंहदेव

परम्परागत वोट जिधर उसी की होगी जीत

अंबिकापुर – मरवाही उपचुनाव को लेकर सियासी घमासान जारी है और जोगी कांग्रेस के इस मैदान से बाहर होने के बाद अब सीधा मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच ही रह गया है। इन सब के बीच प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने मरवाही उपचुनाव को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। सिंहदेव ने कहा है कि मरवाही उप चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच में जोगी कांग्रेस का अदृश्य फैक्टर काम कर रहा है। इस चुनाव में जीत उस पार्टी की होगी जिन्हें जोगी कांग्रेस के वोट मिलेंगे।
दरअसल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री नवरात्र को लेकर इन दिनों सरगुजा में हैं और जब उनसे पत्रकारों ने मरवाही उप चुनाव को लेकर भाजपा व कांग्रेस के मुकाबले के बारे में सवाल पूछे तो उन्होंने कहा कि चुनाव में भाजपा व कांग्रेस के बीच में जोगी कांग्रेस का अदृश्य फैक्टर काम करेगा।
स्व. अजीत जोगी सन 2001 से वहां चुनाव लड़ते रहे है या फिर परिवार के सदस्य चुनाव लड़ते रहे हैं। उन्हें परम्परागत वोट मिलते रहे हैं। पहले वे कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ते थे और पिछली बार जोगी कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। उन्होंने कहा कि इन्ही परम्परागत वोटों पर सारी अटकलें लगी हुई हैं कि उस समय जो वोट जोगी परिवार को मिलता था उसमें से कितना वोट कांग्रेस का था या फिर कितना वोट जोगी जी के कांग्रेस कैंडिडेट के रूप में था। अब वो चुनाव नहीं लड़ रहे हैं तो क्या पूरा वोट एक तरफ ट्रांसफर हो सकता है। क्योंकि वो चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।
अगर जोगी परिवार बोले भी कि आप सभी किसी एक पार्टी को वोट दे दो तो क्या 70 हजार वोट एक पार्टी को मिल सकते हैं। मुझे नहीं लगता है कि ऐसी स्थिति बनेगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग रहते हैं जो व्यक्ति से जुड़ाव के कारण वोटिंग करते है लेकिन इस परिस्थिति में जब जोगी परिवार चुनाव नहीं लड़ रहा है तो यह वोट बंट जाएगा।
मंत्री श्री सिंहदेव ने कहा कि जोगी परिवार को पिछली बार 70 हजार वोट मिले थे जबकि कांग्रेस को 20 हजार वोट मिले थे और भाजपा को 27 हजार वोट मिले थे। ऐसे में स्वाभाविक है कि कांग्रेस के 20 हजार वोट इसलिए कम हुए थे क्योंकि बहुत सारे लोग जोगी परिवार से जुड़े हुए थे। कहां जाएंगे 70 हजार वोट अब अजीत जोगी नहीं है तो ये 70 हजार वोट किस तरफ जाएंगे, यह देखना होगा। अगर भाजपा व कांग्रेस को 35-35 हजार वोट मिलते हैं तो भाजपा जीतेगी और अगर 40 हजार वोट कांग्रेस को मिले और 30 हजार वोट भाजपा को मिले तो कांग्रेस की जीत होगी।