CG :इस जिले में फर्जी वोटर ID कार्ड बनाकर रह रहे पाकिस्तानी भाई – बहन गिरफ्तार ,कराची में हुआ है जन्म ,भारत की नागरिकता के लिए आंखों में झोंकी थी धूल

रायगढ़। रायगढ़ में 2 पाकिस्तानी भाई-बहन पर कार्रवाई की गई है। इनके पास वैध पासपोर्ट और लॉन्ग टर्म वीजा था, लेकिन फर्जी तरीके से मतदाता परिचय पत्र बनवाया गया था। पुलिस ने इन पर अपराध दर्ज किया है।

मामला जूटमिल थाना इलाके का है। मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस द्वारा बाहरी राज्यों से आए लोगों को लेकर जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच जूटमिल थाना प्रभारी को सूचना मिली कि ग्राम कोडातराई में याकूब शेख के मकान में दो पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं।


बिना नागरिकता लिए वोटर कार्ड बनवाया


पूछताछ में पता चला कि, अर्निश शेख और इफ्तिखार शेख दोनों भाई-बहन हैं और पाकिस्तानी नागरिक हैं। दोनों ने भारतीय नागरिकता प्राप्त किए बिना अवैध रूप से मतदाता परिचय पत्र बनवा लिया है। इसके बाद जूटमिल थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी अपने उच्च अधिकारियों को दी।टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

0 वैध पाए गए पासपोर्ट और वीजा

मौके पर वीजा, पासपोर्ट, मतदाता परिचय पत्र और बैंक पासबुक जैसे दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि पासपोर्ट पाकिस्तान का है और LTV (लॉन्ग टर्म वीजा) वैध(सही) है। सिर्फ मतदाता कार्ड गलत है। दोनों ने भारत निर्वाचन आयोग के फॉर्म नंबर 6 में गलत जानकारी देकर ये कार्ड बनवाया था। ऐसे में पुलिस ने इफ्तिखार शेख (29 साल) और अर्निश शेख (25 साल) के खिलाफ धारा 199, 200, 419, 467, 468, 34 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड में जेल भेज दिया है।

इस संबंध में जूटमिल थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर ने बताया कि, इनकी मां की शादी भारत में हुई है। 1993 में वह डिलीवरी के लिए पाकिस्तान गई थी। इफ्तिखार शेख और अर्निश शेख का जन्म पाकिस्तान के लांडी, कराची में हुआ है। इसी के चलते उनके पास भारत की नागरिकता नहीं है। दोनों अभी कोड़ातराई में रह रहे थे। पासपोर्ट वीजा सभी वैध पाए गए, सिर्फ फर्जी तरीके से मतदाता परिचय पत्र बनवाया था। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है।