छत्तीसगढ़: दिन का तापमान प्रदेश में सभी जगह सामान्य से ऊपर, दो मार्च के बाद 2 से 4 डिग्री होगा कम

रायपुर। पश्चिम से आ रही शुष्क हवा ने पूरे प्रदेश को फरवरी में ही गर्म कर दिया है। दिन का तापमान प्रदेश में सभी जगह सामान्य से ऊपर चल रहा है। रविवार को बिलासपुर पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 37.2 डिग्री पहुंच गया। यह सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। यही नहीं, रविवार 28 फरवरी यानी महीने का आखिरी दिन बिलासपुर में दशक का सबसे गर्म दिन रहा।

इससे पहले 2016 में दिन का तापमान 21 तारीख को सबसे ज्यादा 37.1 डिग्री रिकार्ड किया गया था। राजधानी में भी रविवार को दिन का तापमान 37 डिग्री रहा, जो दशक में दूसरा सबसे अधिक गर्म है। इसके पहले 21 फरवरी 2016 को दिन का तापमान 37.1 डिग्री रिकार्ड किया गया था। प्रदेश में पश्चिम से आ रही शुष्क हवा के कारण इस साल फरवरी में अभी से तेज गर्मी महसूस हो रही है

मौसम में हवा की दिशा उत्तर और उत्तर-पूर्वी रहती है। इस ओर से ठंडी हवा आती है, लेकिन गर्मी शुरू होने के साथ हवा की दिशा बदलकर पश्चिमी होने लगती है। फरवरी तक हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी रहती है। लालपुर मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी गुजरात और राजस्थान काफी गर्म हो गया।

दोनों राज्यों में तेज गर्मी का असर छत्तीसगढ़ में भी पड़ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ सोमवार तक गुजर जाएगा। इससे हवा की दिशा फिर उत्तरी होगी। इसके असर से दो-तीन मार्च के बाद दिन के तापमान में तीन से चार और रात के तापमान में दो से चार डिग्री की कमी आएगी।