कोरबा । जिले में 13वीं बटालियन मड़वारानी में पदस्थ एक आरक्षक करीब एक महीने से लापता हैं। 5 अक्टूबर 2026 की शाम से उनका कोई पता नहीं चल पाया है। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। पिता की खोज में उनका बेटा महेश कुमार गटपल्ली अपने एक सहयोगी के साथ बीजापुर से कोरबा पहुंचा है। परिवार ने आम लोगों से मदद की अपील की है।

जानकारी के मुताबिक लापता आरक्षक की पहचान कन्ना गटपल्ली (लगभग 49 वर्ष), पिता बाल्लैया गटपल्ली के रूप में हुई है। वे मूल रूप से शांति नगर, नगर पालिका बीजापुर के निवासी हैं और कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित 13वीं बटालियन मड़वारानी में पदस्थ थे। परिजनों के मुताबिक, 5 अक्टूबर को रात करीब 7 बजे वे बटालियन से बिना किसी को बताए कहीं चले गए थे। इसके बाद वे वापस नहीं लौटे। परिवार और रिश्तेदारों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
पिता के लापता होने से परिवार परेशान है। उनका बेटा महेश कुमार गटपल्ली एक सहयोगी के साथ बीजापुर से कोरबा पहुंचा है और आसपास के क्षेत्रों में तलाश कर रहा है। परिवार को उम्मीद है कि किसी व्यक्ति को आरक्षक के बारे में कोई जानकारी मिल सकती है।परिजनों की सूचना पर उरगा थाना में गुम इंसान क्रमांक 110/2026 दर्ज किया गया है। मामले में बीएनएस की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। जांच की जिम्मेदारी प्रधान आरक्षक दीपक कुमार कश्यप (क्रमांक 219) को सौंपी गई है।
परिवार ने आम नागरिकों, राहगीरों, वाहन चालकों और दुकानदारों से अपील की है कि यदि किसी ने कन्ना गटपल्ली को देखा हो या उनके बारे में कोई जानकारी हो, तो तत्काल 9301786416, 9131689871 नंबर पर संपर्क कर कर जानकादी देने की अपील की है। परिवार ने लोगों से अपील की है कि इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करें, ताकि लापता आरक्षक का पता लगाया जा सके और वे सकुशल अपने परिजनों के पास लौट सकें।
