KORBA : दागी कर्मचारी को बना दिया प्रभारी प्रबंधक ! पूर्णकालिक प्रबंधक बने अधीनस्थ फड़ प्रभारी ,जानें अधिकारियों ने किस तरह नियमों की उड़ाई धज्जियां …

हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा। आकांक्षी जिला कोरबा में धान खरीदी के लिए कर्मचारियों को सौंपे गए कार्य दायित्व आदेश में नियम कायदों को ताक में रखकर दागदार कर्मचारियों को धान खरीदी व्यवस्था की जिम्मेदारी दे दी गई है।

मामला पोंडी उपरोड़ा ब्रांच के समिति कुलहरिया की है। यहाँ गत वर्ष संपन्न हुए धान खरीदी अभियान में अनियमितता के मामले सामने आ चुके हैं। जिला प्रशासन ने बकायदा जिम्मदारों के विरुद्ध अपराध भी दर्ज करवाया था। बावजूद इसके उसी समिति के दागी दैवेभो कर्मचारी को प्रभारी प्रबंधक बना दिया गया है,जबकि पूर्णकालिक प्रबंधक को फड़ प्रभारी का दायित्व दिया गया है।जिससे कार्याकय उप पंजीयक से लेकर पोंडी ब्रांच मैनेजर की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे। यही नहीं पूर्व कलेक्टर अजीत वसंत ने स्पष्ट कर दिया था कि प्रबंधक को फड़ प्रभारी के दोहरे दायित्व से मुक्त रखा जाना है । लेकिन कोरकोमा ,अखरापाली में इसकी अनदेखी की गई है। कार्यालय उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं द्वारा जिला प्रशासन को गुमराह कर ऐसे कर्मचरियों को नियमों के प्रतिकूल जिम्मेदारी सौंप नियमों का माख़ौल उड़ाया जा रहा है। यही नहीं पाली सहकारिता विस्तार अधिकारी को निरधि ,पोंडी ,चैतमा का प्राधिकृत अधिकारी बनाए जाने पर भी सवाल उठ रहे। इस विशेष मेहरबानी की जांच कर संबंधित समितियों के भुगतान की जांच की निहायत ही दरकार है।

वर्जन

जानकारी नहीं ,जांच कराएंगे

उक्त जानकारी हमें आपके माध्यम से मिल रही,तत्काल इसकी जांच कराएंगे,नियमों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संचालक मंडल भंग होने की वजह से सहकारिता विस्तार अधिकारियों को व्यवस्थान्तर्गत प्राधिकृत अधिकारी बनाया गया है।

एम. आर. ध्रुव ,प्रभारी उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं कोरबा(छग)