कोरबा । कुदमुरा वन परिक्षेत्र के ग्राम जिलगा में ट्रैक्टर से हाथी को परेशान करने के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है। जांच में पता चला कि ट्रैक्टर चालक के पास वाहन चलाने का ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था।



वन विभाग के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद वनमंडलाधिकारी के निर्देश पर आरोपियों की तलाश और जांच के लिए टीम गठित की गई थी। 24 नवंबर को उपवनमंडल अधिकारी तथा कुदमुरा और पसरखेत वन परिक्षेत्र के अधिकारियों की मौजूदगी में वन अमले ने ग्राम जिलगा में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान घटना में इस्तेमाल ट्रैक्टर गांव की एक बाड़ी में छिपाकर रखा मिला। टीम ने उसे जब्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय पहुंचाया। मामले की विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर वन विभाग ने तीन आरोपियों दिग्विजय (25), सुकनंदन (36) और सब्बीर खान (35), तीनों निवासी ग्राम जिलगा, थाना श्यांग को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया।आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हाथियों का पीछा करने, उन्हें परेशान करने या वाहनों से उनके नजदीक जाने से बचें। ऐसी गतिविधियां वन्यजीवों के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकती हैं।
