फ्लिपकार्ट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, 10 साल बाद CEO कल्याण कृष्णमूर्ति छोड़ सकते हैं पद…

एजेंसी । वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के CEO कल्याण कृष्णमूर्ति पद छोड़ने की तैयारी में हैं. वह करीब 10 साल तक कंपनी की कमान संभालने के बाद आने वाले कुछ हफ्तों में पद से हट सकते हैं.

इस मामले से जुड़े चार लोगों के हवाले से मनीकंट्रोल को यह जानकारी म‍िली है. कृष्णमूर्ति के जाने से भारत की प्रमुख घरेलू इंटरनेट कंपनियों में शामिल फ्लिपकार्ट में एक बड़े नेतृत्व बदलाव का रास्ता खुल सकता है.

इस बीच, फ्लिपकार्ट ने आज दोपहर एक इमरजेंसी टाउनहॉल मीटिंग बुलाई है. मनीकंट्रोल ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इस बैठक के बाद CEO के पद छोड़ने को लेकर स्थिति साफ हो सकती है. कृष्णमूर्ति के कार्यकाल में फ्लिपकार्ट को भारतीय ई-कॉमर्स बाजार में कड़ी प्रतिस्पर्धा, रणनीतिक बदलाव और ग्राहकों की बदलती पसंद जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा. कंपनी के प्रवक्ता से इस बार में जवाब लेने की कोश‍िश की गई लेकिन ईमेल और व्हाट्सऐप पर भेजे गए सवालों का जवाब नहीं म‍िला.

👉10 साल से संभाल रहे कमान

फ्लिपकार्ट की शुरुआत सचिन बंसल और बिन्नी बंसल ने की थी. वॉलमार्ट को कंपनी बेचने के बाद दोनों फाउंडर बाहर हो गए. इसके बाद कल्याण कृष्णमूर्ति ने कंपनी की कमान संभाली. पिछले 10 साल में उन्होंने फ्लिपकार्ट को स्थिर करने और कामकाज बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई. इस दौरान कंपनी को अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी अमेजन और नए प्रतिस्पर्धी मीशो से कड़ी टक्कर मिली. कृष्णमूर्ति पहले टाइगर ग्लोबल में काम करते थे. यह फ्लिपकार्ट में शुरुआती निवेश करने वाली प्रमुख कंपनियों में से एक है. दोस्तों के बीच KK के नाम से पहचाने जाने वाले कृष्णमूर्ति वॉलमार्ट के मालिकाना हक में फ्लिपकार्ट के बदलाव के अहम हिस्से रहे हैं.

👉फाउंडर की तरह काम करने का तरीका

कृष्णमूर्ति को तेजी से काम पूरा करने और कंपनी को फाउंडर की तरह चलाने के लिए जाना जाता है. उनके नेतृत्व में फ्लिपकार्ट खाने की डिलीवरी जैसे नए कारोबार में उतरने की तैयारी कर रही थी. साथ ही, Gen Z यानी नई पीढ़ी के ग्राहकों को ध्यान में रखकर नए प्रोडक्ट और सर्विस लॉन्च करने पर भी काम हो रहा था. कंपनी अपनी क्विक कॉमर्स सर्विस फ्लिपकार्ट मिनट्स को भी तेजी से बढ़ा रही थी. इस कारोबार में उसकी टक्कर अमेजन, इटरनल की ब्लिंकिट, स्विगी इंस्टामार्ट और जेप्टो से है.

👉फ्लिपकार्ट के लिए मुश्किल दौर

मनीकंट्रोल ने हाल के महीनों में फ्लिपकार्ट के भीतर चल रही उथल-पुथल पर लगातार रिपोर्टिंग की है. इसमें कंपनी के IPO में देरी, फंड जुटाने की कोशिशें और बड़े अधिकारियों के कंपनी छोड़ने जैसे मामले शामिल हैं. इन घटनाओं का असर कर्मचारियों के मनोबल पर भी पड़ा है. कृष्णमूर्ति के पद छोड़ने की तत्काल वजह अभी साफ नहीं है. हालांकि, यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है, जब फ्लिपकार्ट कई आंतरिक और कारोबारी चुनौतियों से जूझ रही है. पिछले कुछ महीनों में मनीकंट्रोल ने कंपनी के IPO की अनिश्चितता, कई बड़े अधिकारियों के जाने, कर्मचारियों के ESOP यानी कंपनी के शेयर पाने की योजना से जुड़ी चिंताओं और वॉलमार्ट की ओर से कथित कमीशनखोरी की जांच पर एक्सक्लूसिव रिपोर्ट की हैं.

मनीकंट्रोल ने कुछ महीने पहले सबसे पहले बताया था कि वॉलमार्ट ने अभी तक फ्लिपकार्ट की शेयर बाजार में लिस्टिंग की तारीख तय नहीं की है. IPO में देरी से मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ी है. इनमें से कई कर्मचारी लिस्टिंग के जरिए अपने ESOP की कीमत हासिल करने की उम्मीद कर रहे थे. इसी बीच कंपनी के बड़े अधिकारियों के जाने का सिलसिला भी जारी रहा. सूत्रों के मुताबिक, पिछले एक साल में फ्लिपकार्ट के कम से कम 14 वाइस प्रेसिडेंट (VP) और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (SVP) कंपनी छोड़ चुके हैं. पिछले महीने फ्लिपकार्ट के कम से कम 1,000 पूर्व कर्मचारियों ने वॉलमार्ट बोर्ड को पत्र लिखकर शेयर बायबैक के मामले में मौजूदा कर्मचारियों के बराबर अधिकार देने की मांग की थी. यह मांग दिखाती है कि पूर्व कर्मचारियों के बीच अपने शेयरों की कीमत हासिल करने को लेकर चिंता बढ़ रही है.

👉कल्याण कृष्णमूर्ति के कार्यकाल का अंत?

कल्याण कृष्णमूर्ति को जनवरी 2017 में फ्लिपकार्ट का CEO नियुक्त किया गया था. 2018 से वह फ्लिपकार्ट ग्रुप के CEO की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. इससे पहले भी वह फ्लिपकार्ट से जुड़े रहे थे. 2013 में उन्होंने कंपनी के अंतरिम CFO यानी मुख्य वित्तीय अधिकारी के तौर पर काम किया था. वह टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट में मैनेजिंग डायरेक्टर भी रह चुके हैं. टाइगर ग्लोबल फ्लिपकार्ट के सबसे बड़े निवेशकों में से एक है.