KORBA : फिर उठी कटघोरा को जिला बनाने की मांग,अधिवक्ताओं ने शुरू किया बेमियादी धरना प्रदर्शन

कोरबा -कटघोरा। कटघोरा को जिला का दर्जा दिलाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। कटघोरा न्यायालय के वकीलों ने इस मुद्दे पर मोर्चा खोलते हुए क्रमिक और अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। अधिवक्ता संघ के सदस्य कोर्ट परिसर के बाहर बड़ी संख्या में एकत्र होकर एक ही मांग उठा रहे हैं- “कटघोरा को जिला बनाया जाए।

वकीलों का कहना है कि कटघोरा को जिला के रूप में पुनर्गठित करने की मांग दशकों से की जा रही है, लेकिन अब तक इसे केवल आश्वासनों तक ही सीमित रखा गया. इससे पहले भी वर्ष 2021 से 2023 के बीच इस मांग को लेकर आंदोलन किया गया था, जिसे करीब 50 से अधिक सामाजिक, राजनीतिक और गैर-राजनीतिक संगठनों का समर्थन मिला था।

धरना दे रहे अधिवक्ताओं का आरोप है कि पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधियों ने समय-समय पर कटघोरा को जिला बनाने का वादा किया, लेकिन आज तक उसे पूरा नहीं किया गया। इसी कारण वकीलों में जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी साफ नजर आ रही है। पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर द्वारा जिले का दर्जा दिलाने का आश्वासन दिए जाने का भी उल्लेख किया गया।

अधिवक्ता संघ के पूर्व पदाधिकारी अमित सिन्हा ने कहा कि कटघोरा को जिला बनाने की मांग पहले भी कई बार उठाई जा चुकी है और जनप्रतिनिधियों ने स्वयं आश्वासन दिए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कई नेताओं और मंत्री लखनलाल देवांगन तक ने इस मांग का समर्थन किया था, तो अब इसे पूरा क्यों नहीं किया जा रहा है।

धरना-प्रदर्शन में कटघोरा भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष धन्नू दुबे भी शामिल हुए. उन्होंने कहा कि वकील समाज का दर्पण होते हैं और जब वे सड़क पर उतरते हैं तो इसका मतलब है कि मुद्दा गंभीर है। वकीलों का आरोप है कि जब जिले के गठन का समय आया तो कटघोरा के बजाय कोरबा को जिला बना दिया गया, जो कटघोरा क्षेत्र के साथ अन्याय है।

अधिवक्ताओं का कहना है कि कटघोरा को जिला का दर्जा मिलना क्षेत्र का अधिकार है और जब तक मांग पूरी नहीं होती, उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा।