रायपुर। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने संसद में रेल मंत्रालय के अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान छत्तीसगढ़ की रेल कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं को लेकर 20 से अधिक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। उन्होंने राज्य में ट्रेनों के विस्तार, फेरे बढ़ाने और नई रेल सेवाएं शुरू करने पर जोर दिया।

सांसद ने यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12441/12442), छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति (12823/12824) और रायपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस (12771/12772) को बिलासपुर तक विस्तारित कर प्रतिदिन चलाने का सुझाव दिया।
उन्होंने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से बेहतर कनेक्टिविटी के लिए नागपुर तक आने वाली ट्रेनों को बिलासपुर तक बढ़ाने की मांग की। साथ ही रायपुर से हिसार (अग्रोहा) के बीच नई सीधी ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव रखा, जिससे यात्रियों को खाटूश्याम और पुष्कर जैसे तीर्थस्थलों तक पहुंचने में सुविधा होगी।
इसके अलावा दुर्ग से अंबिकापुर के बीच आधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने, रायपुर-रायगढ़ लोकल ट्रेन को पुनः शुरू कर दुर्ग तक विस्तार देने और दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की मांग की गई। गोंदिया-जबलपुर ट्रेनों को बिलासपुर तक बढ़ाने और बिलासपुर-भगत की कोठी एक्सप्रेस को दैनिक करने का भी प्रस्ताव रखा गया।
👉अमृत भारत योजना के स्टेशन विकास की धीमी रफ्तार पर चिंता

सांसद अग्रवाल ने अमृत भारत योजना के तहत स्टेशनों के आधुनिकीकरण में हो रही देरी पर चिंता जताई। उन्होंने हथबंद, बालोद, भाटापारा और बिल्हा सहित अन्य स्टेशनों के विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की। साथ ही सरोना, डब्ल्यूआरएस और मंदिर हसौद को द्वितीय स्टेशन के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया।
उन्होंने जोरा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को उठाते हुए वहां पैसेंजर ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था करने की मांग की। भानुप्रतापपुर से सुबह के समय यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संचालन सुनिश्चित करने और परमलकसा-खरसिया नई रेल लाइन परियोजना में पारदर्शिता के साथ प्रगति रिपोर्ट जारी करने पर जोर दिया।
👉इमरजेंसी कोटा बढ़ाने की मांग
सांसद ने रायपुर से गुजरने वाली करीब 90 ट्रेनों में इमरजेंसी कोटे को बढ़ाने की मांग की, ताकि मरीजों और छात्रों को तत्काल राहत मिल सके। इसके अलावा रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और राजनांदगांव स्टेशनों पर एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
उन्होंने जोरा स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेनों के ठहराव और सिलयारी स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के पुनः स्टॉपेज की मांग भी प्रमुखता से उठाई। सांसद ने कहा कि इन प्रस्तावों के लागू होने से छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क मजबूत होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
