हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा।” हर घर में अब एक ही नारा,एक ही नारा गूँजेगा कोरबा का बच्चा बच्चा जय ,जय ,जय श्री राम बोलेगा ” चैत्र नवरात्रि , हिन्दू नव वर्ष का गुरुवार को उर्जानगरी में भगवा रंग में रंगी जनता ने कुछ इसी अंदाज में आस्था उल्लास से
स्वागत किया। हिन्दू क्रांति सेना एवं बजरंग दल द्वारा डीजे ,लेजर लाईट शो के साथ निकाले गए दिव्य शोभायात्रा में देर रात उर्जानगरीवासी झूमते रहे । जय सियाराम के जयघोष शहर में गुंजायमान होता रहा। शोभायात्रा के बहाने हिंदुत्व की जड़ों को मजबूत करने शहर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।



इस बार की चैत्र नवरात्रि हिन्दू नववर्ष पर आयोजित शोभायात्रा दोहरी खुशियां भव्यता लेकर आई। हिन्दू क्रांति सेना एवं बजरंग दल ने नववर्ष के स्वागत में ऊर्जाधानी को भगवामय कर दिया और लाखों जिलेवासियों ने शोभायात्रा में सहभागिता दर्ज कराई। हिन्दू क्रांति सेना के द्वारा कोसाबाड़ी चौक से लेकर सीतामणी चौक शोभायात्रा निकाली गई ,तो वहीं बजरंग दल ने कोसाबाड़ी से टीपी नगरचौक तक भव्य शोभायात्रा निकाली । दोनों ही शोभायात्रा आगे पीछे एक साथ साथ चल रही थी। कोसाबाड़ी से निकली शोभायात्रा घण्टाघर ,बुधवारी होते हुए टीपी नगर होते श्री राम जानकी मंदिर सीतामणी में विराम हुई ।
शोभायात्रा में भगवान राम,माता सीता की मनोहारी झांकी देखते ही बन रही थी।देव आराधना के साथ विशाल और भव्य शोभायात्रा,डीजे की धुन पर प्रारंभ हुई।

दिव्य शोभा यात्रा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सारा नगर उमड़ पड़ा । ऐसा लग रहा था कि मानो कोरबा की धरती पर देवता उतर आए हों और उनकी अगुवानी में नगरजन पलक पांवड़े बिछाकर शामिल हुए । युवक ,युवतियों माताओं का समूह शोभायात्रा के दौरान आस्था उल्लास के साथ नाचते झूमते आगे बढ़ रहा था। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा दिव्य शोभायात्रा में शामिल नगरवासियों की सेवा निमित्त शीतल पेय का वितरण कर सेवाभावना का परिचय दिया। दोनों शोभायात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में राजपत्रित अधिकारियों से लेकर सभी थाना व चौकी प्रभारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी । यातायात पुलिस द्वारा भी व्यवस्थाओं को बनाने में सहयोग किया जा रहा है तथा वाहनों की आवाजाही पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
