दुर्ग/भिलाई | विशेष रिपोर्ट आज के दौर में सोशल मीडिया की ‘चकाचौंध’ और रील बनाने का जुनून किस कदर जिंदगियां तबाह कर रहा है, इसका एक दिल दहला देने वाला उदाहरण भिलाई (छावनी क्षेत्र) में सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इंस्टाग्राम पर रील बनाने की जिद और पति के विरोध के बीच उपजे विवाद ने एक 35 वर्षीय महिला की जान ले ली। इस आत्मघाती कदम ने न केवल एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि दो मासूम बच्चों को उम्र भर का दर्द दे दिया है।
👉विवाद की वजह: वर्चुअल दुनिया बनाम हकीकत
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, भिलाई निवासी अंजली साव (35) इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय थीं और अक्सर अपने डांस वीडियो व रील पोस्ट करती थीं। मोहल्ले में वह अपनी इस कला के लिए चर्चित थीं, लेकिन यही रील उनके वैवाहिक जीवन में कलह का कारण बन गई। अंजली के पति पप्पू साव को उनका रील बनाना पसंद नहीं था, जिसे लेकर दोनों के बीच आए दिन तीखी बहस और विवाद होता था।
👉पहले भी की थी कोशिश, खा लिया था धतुरा

खबर यह भी है कि अंजलि मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थीं। बीते दिसंबर माह में भी उन्होंने धतूरा खाकर जान देने की कोशिश की थी। अस्पताल में इलाज के बाद उनकी जान तो बच गई थी, लेकिन वह काफी चिड़चिड़ी हो गई थीं। 26 जनवरी को उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी आखिरी पोस्ट डाली थी, और किसे पता था कि यह उनकी आखिरी ‘रील’ साबित होगी।
👉सूने घर में मौत को लगाया गले
30 जनवरी की शाम, जब बच्चे ट्यूशन गए हुए थे, पति-पत्नी के बीच एक बार फिर उसी पुरानी बात पर विवाद हुआ। विवाद से आहत होकर अंजली ने कमरे में पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली। जब बच्चे ट्यूशन से लौटे, तो अपनी माँ को फंदे पर लटकता देख उनकी चीख निकल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुँची छावनी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। रविवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया।
👉संदेश
“रील के ‘लाइक्स’ और ‘व्यूज’ कभी भी अपनों के प्यार और हकीकत की शांति से बड़े नहीं हो सकते। यह घटना एक चेतावनी है कि सोशल मीडिया के प्रति जुनून जब सनक बन जाए, तो वह पूरे परिवार की परेशानी और विवाद का कारण भी बन जाता है। संवाद और समझदारी ही ऐसे विवादों का हल है, आत्मघाती कदम नहीं।”
