KORBA : अनिंद्रा में ड्राइविंग बना काल ,एक झपकी ने छीन लिया 3 घर के लाल , ह्रदय विदारक घटना से मचा कोहराम ,ग्रामीणों में आक्रोश,किया चक्काजाम …

कोरबा-पाली। कोयलांचल में हादसे नहीं थम रहे। कोयला परिवहन में लगी एक मालवाहन की तेज रफ्तार और वाहन चलाते समय नींद की झपकी आने से हुए हादसे में एक बाइक पर सवार 3 लोगों की जिंदगी पल भर में ही तमाम हो गई। हादसे के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है। आक्रोशित लोगों ने घण्टों चक्काजाम कर हँगामा किया।जिससे मार्ग पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई। इस घटना ने माल परिवहन में लगे वाहनों के चालकों की दशा और दुर्दशा तथा कार्य के बोझ पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

प्रारंभिक सूचनाओं के मुताबिक आज सुबह करीब 9 बजे कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नुनेरा-दीपका मार्ग पर यह हादसा हुआ। बताया गया कि दीपका की तरफ से कोयला लोड कर बिलासपुर जाने के लिए मालवाहन क्रमांक Cg 12 bg 8522 का चालक रवाना हुआ था। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा से गुजरते वक्त उसका नियंत्रण हट गया और मालवाहन तेज रफ्तार से लहरा कर बीच सड़क पर जहां पलटी, ठीक इसी दौरान ग्राम पोटापानी निवासी तीन युवक बृजपाल सिंह कंवर 23 वर्ष ,मंगल सिंह 25 वर्ष, और ओम प्रकाश जो मिस्त्री का काम करते हैं और कार्य के सिलसिले में दीपका की तरफ जा रहे थे, वह माल वाहन के नीचे दब गए और मौके पर ही इनकी दर्दनाक मौत हो गई।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा है कि उक्त माल वाहन का चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए जा रहा था कि एकाएक गाड़ी की दिशा बाई तरफ स्थित दुकान और घरों की तरफ होने लगी थी। आसपास मौजूद लोगों ने जब शोर मचाया तो चालक जो कि नींद की आगोश में जा रहा था, उसे झपकी आ गई थी, उसने तत्काल वाहन को सड़क पर लाने के लिए स्टेरिंग घुमाया कि इसी दौरान अनियंत्रित होकर माल वाहन पलट गया और पल भर में तीन लोगों की जिंदगी तमाम हो गई। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे । बीच सड़क पर लोगों की भीड़ जमा रही । स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ड्राइवर ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला था। बाद में ट्रक के नीचे दबे शवों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को हटाया गया।

👉सड़क पर बिखरा कोयला

हादसे के कारण सड़क पर कोयला बिखर गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही युवकों के परिजन भी मौके पर पहुंचे। घटना से नाराज परिजन और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया है। सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया।

👉मुआवजा और कार्रवाई की मांग पर अड़े

लेकिन नाराज परिजन और ग्रामीण मुआवजा और कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल, पुलिस लोगों को समझाइश देने में जुटी हुई है। इसके अलावा युवकों के शवों का पंचनामा पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है।

👉पुलिस बोली- ड्राइवर की तलाश

इस मामले में पाली थाना पुलिस का कहना है कि ट्रक ड्राइवर ने बाइक सवार युवकों को कुचला है, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर भाग निकला, उसके खिलाफ केस दर्ज तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।