कोरबा। जिला अधिवक्ता संघ, कोरबा के द्विवार्षिक चुनाव (सत्र 2026-28) की प्रक्रिया शुरू होते ही बार में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार मतदान 12 अप्रैल, रविवार को कराया जाएगा। चुनाव की सभी प्रक्रियाएं जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर स्थित अधिवक्ता संघ भवन में संपन्न होंगी।
चुनाव की तारीख घोषित होते ही संभावित प्रत्याशियों ने सक्रियता बढ़ा दी है। बार के गलियारों में समर्थन जुटाने और रणनीति बनाने का दौर शुरू हो गया है।
👉17 पदों के लिए होगा चुनाव

इस बार कुल 17 पदों पर चुनाव कराया जाएगा। इनमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष, ग्रंथालय सचिव, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव तथा कार्यकारिणी सदस्य के पद शामिल हैं। कार्यकारिणी में महिला प्रतिनिधित्व के लिए भी पद आरक्षित किए गए हैं।
👉अनुभव की अनिवार्य शर्तें
चुनाव में प्रत्याशियों के लिए अनुभव को लेकर सख्त मानक तय किए गए हैं। अध्यक्ष पद के लिए 15 वर्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिव जैसे पदों के लिए 7 वर्ष, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष एवं ग्रंथालय सचिव के लिए 5 वर्ष तथा कार्यकारिणी सदस्य के लिए न्यूनतम 3 वर्ष का अनुभव अनिवार्य रखा गया है।
👉निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रक्रिया
- प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन: 23 मार्च 2026 (शाम 4:00 बजे)।
- सूची पर आपत्ति दर्ज करना: 26 मार्च (गुरुवार) दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक।
- आपत्तियों का निराकरण: 27 मार्च (शुक्रवार)
- अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन: 28 मार्च (शाम 4:00 बजे)
- नामांकन फॉर्म वितरण व जमा: 29 और 30 मार्च (दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक)।
- नाम वापसी: 03 अप्रैल (दोपहर 12 से 2 बजे तक)
- मतदान की तिथि: 12 अप्रैल 2026 (रविवार) प्रातः 8:30 से शाम 4:00 बजे तक।
- मतगणना एवं परिणाम: 13 अप्रैल 2026 को प्रातः 9:00 बजे से।
👉बढी गहमागहमी
चुनाव की घोषणा के साथ ही बार में गहमागहमी बढ़ गई है। अध्यक्ष सहित प्रमुख पदों को लेकर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा शुरू हो गई है। अब सभी की नजरें 12 अप्रैल को होने वाले मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हैं, जो नई कार्यकारिणी की दिशा तय करेगा।
