KORBA : इंजीनियर की ब्रेजा कार राजू होटल के पास से पार , पड़ताल में जुटी पुलिस …

कोरबा । शहर में वाहन चोरी की एक और घटना सामने आई है। कोरबा पूर्व डीएसपीएम में सहायक इंजीनियर के पद पर कार्यरत किशोर कुमार की ब्रेजा कार अज्ञात चोरों ने पार कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोर कुमार 18 मार्च की रात करीब 11:20 बजे अपने मित्र रूपेश ठाकुर के साथ टीपी नगर स्थित राजू होटल में भोजन करने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी ब्रेजा कार (क्रमांक CG-07-CJ-7836) होटल के पास खड़ी कर दी और अंदर चले गए।

करीब 40 से 45 मिनट बाद जब वे भोजन कर वापस लौटे, तो जहां कार खड़ी की थी, वहां वाहन गायब मिला। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद कार का कोई पता नहीं चल सका।

बताया जा रहा है कि कार के अंदर रूपेश ठाकुर का Nothing 1 कंपनी का मोबाइल फोन भी रखा हुआ था, जिसमें जियो का सिम लगा था। चोरी गई कार की कीमत लगभग 7 लाख 38 हजार रुपये बताई जा रही है।

घटना की रिपोर्ट पर सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच और पतासाजी की जा रही है।