KORBA : 3 वर्षों से अधूरे ओवरब्रिज ,फोरलेन निर्माण से टूटा सब्र का बांध , ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के बैनर तले इमलीछापर कुसमुंडा मार्ग पर चक्काजाम , यातायात व्यवस्था रहा बाधित ….

कोरबा । जिले के कोयलांचल स्थित इमलीछापर कुसमुंडा चौक पर पिछले 3 वर्षों से निर्माणाधीन ओवरब्रिज और फोरलेन सड़क की वजह से हिचकोले खाने एवं धूल के गुब्बार से हलाकान व्यापारी व आम जनता के सब्र का बांध आखिरकार टूट ही गया। मंगलवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के बैनर तले इमलीछापर चौक कुसमुंडा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। जिससे यातायात व्यवस्था बाधित रहा।

गौरतलब हो कि एसईसीएल के सीएसआर फंड के सहयोग से प्रशासन द्वारा सर्वमंगला चौक से इमलीछापर चौक होते हुए कुचैना मोड़ तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। करीब 4 वर्ष पूर्व 50 करोड़ की लागत से इसकी स्वीकृति दी गई थी। लेकिन इमलीछापर चौक के पास यह कार्य लंबे समय से अटका हुआ है। वहीं, रेलवे फाटक से होने वाली परेशानी से राहत दिलाने के लिए प्रस्तावित ओवरब्रिज का निर्माण भी अधूरा है।
निर्माण कार्य ठप होने के कारण इमलीछापर चौक से कुचैना मोड़ तक पुरानी सड़क जर्जर हो चुकी है और दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। ओवरब्रिज अधूरा रहने से लोगों को रेलवे फाटक पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है या फिर वैकल्पिक मार्ग से लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। इससे कुसमुंडा क्षेत्र के साथ-साथ गेवरा-दीपका, बांकीमोंगरा, हरदीबाजार और शहर की ओर आने-जाने वाले राहगीर भी प्रभावित हो रहे हैं।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार मांग किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू करने की अनदेखी से आहत आक्रोशित स्थानीय व्यापारी व आमजन के सब्र का बांध मंगलवार को टूट गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में स्थानीय व्यापारी एवं आमजन ने मंगलवार को इमलीछापर चौक पर सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। जिससे चार पहिया व भारी वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से थम गई। हालांकि विकास नगर कॉलोनी की ओर से दुपहिया वाहनों की आवाजाही आंशिक रूप से जारी रही। मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

कुसमुंडा व्यापारी संघ के अध्यक्ष अशोक राठौर ने बताया कि हर बार प्रशासन आश्वासन देकर भूल जाता है, इसलिए इस बार काम शुरू होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

उल्लेखनीय है कि फोरलेन सड़क निर्माण के दौरान इमलीछापर रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से एसईसीएल के सहयोग से ओवरब्रिज निर्माण शुरू किया गया था, जिसका कार्य राइट्स द्वारा किया जा रहा है। विकास नगर की ओर शिव मंदिर चौक से इमलीछापर चौक तक ओवरब्रिज का आंशिक निर्माण किया गया, लेकिन दूसरी ओर रेलवे फाटक से थाना चौक तक का कार्य अधूरा है।

बताया जाता है कि रेलवे फाटक के पास अतिक्रमण को बाधा बताते हुए करीब दो वर्ष पहले निर्माण कार्य रोक दिया गया था। लगभग 9 माह पूर्व प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अतिक्रमण हटाया और मकानों को तोड़ा, बावजूद इसके अब तक निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया गया है।