कोरबा । हजारों किलोमीटर दूर मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर अब कोरबा शहर की सड़कों और व्यवस्था पर साफ नजर आने लगा है। अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण ईंधन आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर नगर निगम कोरबा के कामकाज पर पड़ रहा है।

नगर निगम के अधीक्षण अभियंता सुरेश बरुआ ने स्पष्ट किया कि डीजल सप्लाई करने वाली फर्म के पास पर्याप्त स्टॉक नहीं बचा है। परिणाम यह हुआ कि निगम की डीजल से चलने वाली कई गाड़ियां एक-एक कर खड़ी होती जा रही हैं। इनमें कचरा उठाने वाले वाहन, पानी टैंकर और अन्य जरूरी सेवाओं में लगे वाहन शामिल हैं। डीजल की कमी ने निगम की दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शहर में सफाई व्यवस्था धीमी पड़ने लगी है, कुछ इलाकों में कचरा उठाव प्रभावित होने की शिकायतें आने लगी हैं, वहीं पानी सप्लाई पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
अंदरूनी सूत्रों की मानें तो यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी, तो निगम को आपात व्यवस्था के तहत वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ सकते हैं। हालांकि, फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती यही है कि डीजल की नियमित आपूर्ति कब तक बहाल होगी।मिडिल ईस्ट के हालात का स्थानीय सिस्टम पर यह असर इस बात का संकेत है कि वैश्विक संकट किस तरह सीधे आम जनजीवन को प्रभावित कर सकता है। अब नजर इस पर है कि प्रशासन इस संकट से निपटने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है, ताकि शहर की बुनियादी सेवाएं पटरी पर बनी रहें।
सोर्स -न्यूजपॉवर जोन डॉट कॉम
