कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि चंद्रवंशी को यौन शोषण के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को रायपुर से देर रात हिरासत में लिया। पीड़िता द्वारा महिला थाना कवर्धा में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी ने उसे करीब 10 वर्षों तक शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि हर बार शादी का वादा किया गया, लेकिन आरोपी लगातार टालता रहा।
👉7 मई को किसी अन्य महिला से शादी तय

मामले में नया मोड़ तब आया जब पीड़िता को हाल ही में पता चला कि आरोपी की शादी 7 मई को किसी अन्य महिला से तय हो चुकी है। खुद को ठगा महसूस करते हुए उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और प्रारंभिक साक्ष्यों को गंभीर पाते हुए आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे कवर्धा लाया गया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। यदि आरोप सिद्ध होते हैं, तो आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक (Marriage Promise Rape) हलकों में हड़कंप मच गया है। महिला संगठनों ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि शादी का झांसा देकर संबंध बनाना, यदि धोखे की नीयत साबित हो जाए, तो यह भारतीय दंड संहिता के तहत गंभीर अपराध है।
