CG : कलयुगी पुत्र ने टोनही के शक में मां को बेरहमी से पीटा ,मौत के बाद मचा हड़कम्प ,आरोपी गिरफ्तार …

कबीरधाम। जिले से अंधविश्वास से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इझलमला थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़वाही में टोनही होने के संदेह में एक बेटे पर अपनी ही मां के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप है। गंभीर चोटों के बाद महिला की मौत हो गई। मामले में झलमला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक घटना 9 सितंबर की रात करीब 10 बजे की है। ग्राम मुड़वाही निवासी 21 वर्षीय तुलसी राम मेरावी ने अपनी 50 वर्षीय मां बतसिया बाई मेरावी पर टोनही होने
का संदेह जताया। आरोप है कि इसी शक में उसने मां के साथ लात-घूंसों और लकड़ी के डंडे से मारपीट की। महिला को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। 11 सितंबर को मृतका के पति सबर सिंह मेरावी ने पत्नी की मौत की सूचना झलमला थाने में दी।

पुलिस ने मर्ग कायम कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा कराया। f शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी टेंगाखार भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छाती में आई गंभीर चोटों को मौत की वजह बताया गया। इसके बाद मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान लिए। जांच में सामने आए तथ्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी तुलसी राम मेरावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना से संबंधित जानकारी दी। उसके मेमोरण्डम के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा (चिरान) उसके घर से बरामद किया और गवाहों के सामने उसे जब्त किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 15/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, 2005 की धारा 4 और 5 के तहत कार्रवाई की है।