जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के चांपा में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के बाद मामला गरमा गया है। आबकारी के एक मामले में हिरासत में लिए गए शिव सहिस उर्फ गुल्लू की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने पुलिस पर मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने चांपा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है। इससे पहले आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित किया जा चुका है।
👉TI समेत तीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई

मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम से होगी साफ
हिरासत में तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में मौत
जानकारी के मुताबिक, चांपा के मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस को महुआ शराब से जुड़े आबकारी मामले में हिरासत में लिया गया था। पुलिस के अनुसार, शिव के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज रहे हैं। हिरासत के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।
इसके बाद उसे बीडीएम अस्पताल चांपा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जांजगीर जिला अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
👉मौत की खबर मिलते ही थाने का घेराव
शिव सहिस की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। परिवार ने शव लेने से इनकार कर दिया और चांपा थाने का घेराव कर दिया। मृतक की पत्नी अपने बच्चों के साथ थाना परिसर के बाहर धरने पर बैठ गई।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस हिरासत में शिव के साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई, जिसके कारण उसकी मौत हुई। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
👉50 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग
परिजनों ने सरकार और प्रशासन के सामने कई मांगें रखी हैं। परिवार की ओर से 50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और बच्चों की पढ़ाई एवं भरण-पोषण की जिम्मेदारी लेने की मांग की गई है।
इसके अलावा परिजनों ने मामले में शामिल बताए जा रहे दो पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग भी की है। प्रशासन की ओर से परिवार से बातचीत कर नौकरी और बच्चों की शिक्षा-भरण-पोषण को लेकर आश्वासन दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
👉TI समेत तीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
मामले में पुलिस विभाग की कार्रवाई भी तेज हुई है। एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने पहले आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित किया था। अब चांपा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया है।
चांपा थाने की जिम्मेदारी कमलेश शेंडे को सौंपी गई है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए जाने की भी जानकारी है।
👉मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम से होगी साफ
युवक की मौत को लेकर फिलहाल पुलिस और परिवार के आरोप अलग-अलग हैं। परिजनों ने हिरासत में मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस की ओर से बताया गया है कि हिरासत के दौरान शिव की तबीयत बिगड़ी थी और मिर्गी का दौरा पड़ने की बात सामने आई थी।
ऐसे में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष बेहद अहम होंगे। इन्हीं के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल चांपा में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
