चांपा। हसदेव नदी का तेज बहाव के बीच फंसी एक महिला और हर पल मंडराता जिंदगी का खतरा। गेमन पुल के पास महिला के नदी में बहने और बीच धार में फंसने की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण हालात के बीच पुलिस ने ग्रामीणों, नाविकों और गोताखोरों की मदद से संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत और जोखिम के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के बाद महिला की हालत नाजुक थी। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए उसे बीडीएम अस्पताल चांपा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। उपचार के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ और वह बातचीत करने की स्थिति में आ गई।

पुलिस की पूछताछ में महिला की पहचान प्रेम कुमारी मसीह के रूप में हुई। महिला ने बताया कि वह चांपा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर रहती है और मांगकर अपना जीवन-यापन करती है। सोमवार सुबह वह शौच के लिए हसदेव नदी किनारे गई थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह तेज बहाव में जा गिरी। पानी के बहाव में बहते हुए वह नदी के बीच पहुंच गई और वहां फंस गई। महिला के नदी में फंसे होने की जानकारी मिलते ही चांपा पुलिस हरकत में आई। तेज बहाव को देखते हुए पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों, नाविकों और गोताखोरों को साथ लेकर बचाव अभियान चलाया। जोखिम के बीच संयुक्त टीम धीरे-धीरे महिला तक पहुंची और उसे सुरक्षित बाहर निकालने में कामयाब रही। तेज बहाव के बीच पुलिस के साथ ग्रामीणों, नाविकों और गोताखोरों के सामूहिक प्रयास से महिला की जान बच सकी। समय पर हुई कार्रवाई ने एक जिंदगी को मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया।
